अनुभवी लेग स्पिनर अमित मिश्रा आईपीएल-2021 में दिल्ली कैपिटल्स टीम से खेलते नजर आएंगे. (Instagram)
अमित मिश्रा (Amit Mishra) ने कहा कि वह आईपीएल-2021 से पहले खुद को ऐसी परिस्थितियों के लिए तैयार कर रहे हैं जिसमें उन्हें अपने बल्ले का इस्तेमाल करने की भी जरूरत पड़ सकती है. उन्होंने कहा कि कोच ने उन्हें ऐसा करने की सलाह दी है.
दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) टीम के कुछ खिलाड़ियों ने मंगलवार को मुंबई में क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया (CCI) में अपने पहले प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया. मिश्रा ने कहा कि हर कोई अभ्यास सत्र के दौरान शानदार दिखा. उन्होंने कहा, ‘सभी खिलाड़ी यहां मैदान पर अच्छे दिख रहे हैं. वे सभी कड़ी मशक्कत करने को तैयार हैं और युवाओं को भी कड़ी मेहनत करते हुए देखना अच्छा लगा.’
इसे भी देखें, कप्तान बनने के बाद ऋषभ पंत का पहला वीडियो, जमकर पसीना बहाते आए नजर
38 साल के इस स्पिनर ने कहा कि वह गेंदबाजी को पैना करने के अलावा अपनी बल्लेबाजी में सुधार करने पर भी ध्यान लगा रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं अपनी बल्लेबाजी पर भी काम कर रहा हूं. टीम के कोचों ने भी मुझे बल्लेबाजी का अभ्यास करने को कहा है क्योंकि मैच के दौरान ऐसी भी परिस्थतियां हो सकती हैं जब मुझे 25 से 30 रनों की साझेदारी निभानी पड़े.’
उन्होंने कहा, ‘हमें हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने की जरूरत है. अगर मैं किसी क्रिकेटर के साथ बल्लेबाजी कर रहा हूं तो मुझे एक एक रन लेकर स्ट्राइक अपने जोड़ीदार को देनी चाहिए.’ खिलाड़ियों को 9 अप्रैल से चेन्नई में शुरू हो रही लुभावनी लीग के 14वें सीजन से पहले एक सप्ताह के आइसोलेशन के बाद मुंबई में अभ्यास का मौका मिला.
इसे भी देखें, धनश्री वर्मा के साथ मस्ती भरे अंदाज में डांस करते दिखे शिखर धवन, Video वायरल
सीनियर बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘मैंने 20 दिन में पहली बार बल्लेबाजी की. हम सात दिन के आइसोलेशन के बाद अभ्यास कर रहे थे, इसलिए लय में आने की कोशिश कर रहा था. जैसे हम टूर्नामेंट के करीब पहुंचेंगे, बस अच्छी लय को जारी रखना अहम होगा.’ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) आईपीएल के आगामी सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी संभालेंगे. श्रेयस अय्यर के चोटिल होने के चलते उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है.