उमेश यादव बोले, टीम में आ रहे हैं नए खिलाड़ी, अगले दो-तीन साल और खेल सकता हूं

उमेश यादव बोले, टीम में आ रहे हैं नए खिलाड़ी, अगले दो-तीन साल और खेल सकता हूं


नई दिल्ली. भारतीय तेज गेंदबाज उमेश यादव (Umesh Yadav) जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में मैच विजयी प्रदर्शन करना चाहते हैं. उन्होंने साथ ही कहा कि वह अभी अगले दो से तीन साल तक और खेल सकते हैं. उमेश ने अपने करियर में अब तक 48 टेस्ट मैच खेले हैं. वह इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) के साथ भारत के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाजी आक्रमण का हिस्सा रहे हैं.

पिछले तीन वर्षों में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उमेश की प्रतिस्पर्धा के कारण प्लेइंग-इलेवन में जगह पक्की नहीं रही जो कि मोहम्मद सिराज के आने से अधिक कड़ी हो गई है. उमेश ने क्रिकइन्फो से कहा, ‘मैं अभी 33 साल का हूं और मैं जानता हूं कि मैं ज्यादा से ज्यादा अगले दो या तीन साल तक अपने शरीर को खेल के लायक फिट रख सकता हूं. इसके अलावा कुछ युवा खिलाड़ी भी आ रहे हैं. यह अच्छा है क्योंकि आखिर में इससे टीम को ही फायदा होता है.’

इसे भी पढ़ें, विराट कोहली ने पहले टेस्ट में दी थी इंग्लैंड को चेतावनी, इंग्लिश बल्लेबाज का खुलासा

उन्होंने कहा, ‘जब आपके पास चार या पांच टेस्ट मैच के दौरे में पांच या छह तेज गेंदबाज होते हैं तो आप दबाव और वर्कलोड कम करने के लिए उनमें से प्रत्येक को दो मैचों में खिला सकते हो. इससे इन गेंदबाजों को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद मिलेगी.’33 साल के इस गेंदबाज ने कहा, ‘जहां तक मेरे करियर का सवाल है तो ईश्वर का आभार है कि मैं चोटों के कारण बहुत अधिक परेशान नहीं रहा. एक तेज गेंदबाज के रूप में यह संतोषजनक है क्योंकि एक बार जब तेज गेंदबाज चोटिल होना शुरू होता है तो वह संघर्ष करने लग जाता है और इससे उसका करियर घट जाता है.’

इसे भी पढ़ें, जब 2021 के धोनी ने 16 साल पहले के माही से की बात, खुले कई दिलचस्प राज

ऑस्ट्रेलिया में उमेश की पिंडली चोटिल हो गई थी लेकिन उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ स्वदेश में आखिरी दो टेस्ट मैचों के लिए वापसी की, हालांकि उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली. उन्हें सीमित ओवरों में खेलने का मौका नहीं मिलता और इसलिए वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में योगदान देने के लिए बेताब हैं.

उन्होंने कहा, ‘हमने यहां तक पहुंचने के लिए वास्तव में कड़ी मेहनत की और सीमित ओवरों में नियमित तौर पर नहीं खेलने वाले मुझ जैसे खिलाड़ी के लिए यह वर्ल्ड कप से कम नहीं है. यदि मैं उस मैच में अच्छा प्रदर्शन करता हूं और हम जीत हासिल करते हैं तो फिर वर्ल्ड चैंपियन बनना हमेशा के लिए यादगार बन जाएगा.’

उमेश ने कहा, ‘यह मैच इंग्लैंड में खेला जाएगा जहां स्विंग और सीम अहम होती है, इसलिए मुझे उस मैच के लिए अंतिम एकादश में जगह मिलने की पूरी उम्मीद है.’ साल 2010 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले उमेश यादव ने करियर में अब तक 48 टेस्ट, 75 वनडे और सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. उनके नाम टेस्ट में 148, वनडे में 106 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 9 विकेट हैं. वह टेस्ट में तीन बार 5 और एक बार 10 विकेट झटक चुके हैं.





Source link