Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर28 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
खमरिया थानांतर्गत एक युवक ने अपने पड़ोस में रहने वाली युवती को शादी का झाँसा देकर उसके साथ दुराचार किया। पुलिस के अनुसार 23 वर्षीय युवती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसके पड़ोस में रहने वाला 32 वर्षीय सोने लाल उइके ने दोस्ती कर उससे बातचीत करना प्रारंभ किया।
इसके बाद करीब 3 वर्ष पूर्व सोने लाल ने उससे प्यार करने की बात कही और एक दिन उसे अपने साथ जंगल में ले गया। वहाँ जल्द ही शादी करने का वादा करके उसने जबरदस्ती उसके साथ दुराचार किया। इसके बाद आरोपी ने उसका कई बार दैहिक शोषण किया, जब उसने शादी करने की बात कही तो सोने लाल ने इनकार कर दिया। युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शोहदे से परेशान छात्रा ने लगाई फाँसी, थाने पहुँचे परिजन
प्रतिनिधि, जबलपुर| अपने साथी छात्र की प्रताड़ना से तंग आकर एक इंजीनियरिंग छात्रा ने शुक्रवार की दोपहर फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस संबंध में महाराजपुर पटैल नगर निवासी 48 वर्षीय सुभाष पटेल ने बताया कि वे जीआईएफ में कार्यरत हैं। दोपहर को वे फैक्ट्री गए हुए थे और उनकी पत्नी तथा बेटा भी घर पर नहीं थे।
तभी उनकी 20 वर्षीय बेटी अदिति पटैल ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनके अनुसार बेटी अदिति गोकलपुर रांझी स्थित शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रथम वर्ष की छात्रा थी और सुसाइड नोट में उसने किसी ज्योतिष नाम के साथी छात्र द्वारा लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है।
बेटी को युवक द्वारा परेशान किए जाने संबंधी कई बार शिकायत उन्होंने अधारताल थाने में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई पुलिस द्वारा नहीं की गई। अब आगे आरोपी पर कार्रवाई हो सके, इसलिए उन्होंने अधारताल पुलिस से चर्चा की है।