Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
ये देखिए हाल… धूप में लगा दी कुर्सियां…वैक्सीन लगवाने के बाद छांव की तलाश
राजधानी में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और रहवासी इलाकों में वैक्सीनेशन सेंटर बना रहा है। शनिवार को ऐसे करीब 60 केंद्रों पर टीकाकरण हुआ। लेकिन अधिकतर जगह आईसीएमआर की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है।
वैक्सीनेशन प्रोटोेकॉल भी ताक पर रखा हुआ है। तेज गर्मी के बावजूद ज्यादातर टीकाकरण केंद्रो पर न कूलर है और न पंखे। टीका लगने के बाद ऑब्जर्वेशन के भी कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। सोशल डिस्टेंसिंग का इन सेंटर्स पर पालन नहीं हो रहा है। कई लोग बिना मास्क के भी यहां पहुंच रहे हैं।
ये देखिए हाल… धूप में लगा दी कुर्सियां…वैक्सीन लगवाने के बाद छांव की तलाश
लाइव -1 : पर्यावास भवन, अरेरा हिल्स
समय – दोपहर 3:20 बजे
यहां ग्राउंड फ्लोर पर पीछे की ओर स्थित चाय की दुकान के ठीक सामने दो टेबल लगी हैं। 4 लोग टीका लगवाने वालों के रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं। 50 से अधिक लोग कतार में हैं। डिस्टेंसिंग पूरी तरह से लापता है। कुछ लोग बिना मास्क भी पहुंचे हैं। पीछे हॉल में टीके लगाए जा रहे हैं। ऑब्जर्वेशन के लिए आधा घंटे तक लोगों के बैठने के लिए यहां कुर्सियां डाली गई हैं, पर कुछ ही लोग बैठ रहे हैं ज्यादातर तो टीका लगवाकर जा रहे हैं।
लाइव -2 : न्यू मार्केट
समय – दोपहर 3:40 बजेे
टॉप एन टाउन के सामने छोटा टेंट लगा है। 8 कुर्सियां हैं, जिन पर धूप पड़ रही है। इस कारण टीका लगवा चुके लोग दुकानों के सामने छांव में खड़े हैं। यहां बैठा युवक लोगों के नाम, आधार नंबर रजिस्टर में लिख रहा है। वैक्सीनेटर टीका तो लगा रही हैं, लेकिन लोगों को कोई जानकारी नहीं दे रही है। ऐसे में लोग टीका लगने के बाद हाथ सहला रहे हैं। जबकि, ऐसा नहीं करना है। कूलर और पंखे भी आज गायब हैं।
लाइव -3 : अरेरा फॉर्म, ईश्वर नगर
समय – शाम 4:20 बजे
एक हॉल में दो अलग-अलग टेबल लगी हैं। एक पर रजिस्ट्रेशन का वेरिफिकेशन किया जा रहा है। दूसरी टेबल पर टीका लगाया जा रहा है। करीब 10 लोग टीका लगवाने के लिए कतार में लगे हैं। चार लोग टीका लगने के बाद पास ही डाली गई कुर्सियों पर बैठे हैं। कुछ लोग हॉल के बाहर गार्डन में भी बैठे हैं। हालांकिवैक्सीनेटर टीका लगाने के साथ हितग्राहियों को पूरी गंभीरता से समझा भी रही हैं।
ये है प्रोटोकॉल
- टीकाकरण केंद्र पर एंट्री के समय हाथों को सैनिटाइज कराया जाएगा।
- एंट्री पॉइंट पर हितग्राही का तापमान लिया जाएगा। 98 डिग्री से कम होने पर ही प्रवेश दिया जाएगा।
- डॉक्यूमेंट जिसके आधार पर टीका लगाया जाना है उसकी जांच होगी।
- पहले से रजिस्ट्रेशन है तो रिकॉर्ड में मिलान किया जाएगा। पहले रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो ऑनसाइट रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
- टीका लगने के बाद 30 मिनट के लिए ऑब्जर्वेशन रूम में बैठाया जाएगा।
प्रोटोकॉल का पालन करना होगा
कलेक्टर अविनाश लवानिया ने बताया कि जहां भी टीके लग रहे हैं वहां प्रोटोकॉल का पालन हो रहा है। टीका लगाने के पहले जानकारी भी दी जाती है। अगर फिर भी कुछ लोग नियम नहीं मान रहे तो यह उनकी लापरवाही है।