चेतेश्वर पुजारा को इस साल आईपीएल नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 50 लाख रुपए की बेस प्राइस पर खरीदा था. (CSK Twitter)
IPl 2021: कई वर्षों तक आईपीएल नीलामी में नहीं बिकने वाले चेतेश्वर पुजारा को इस साल सीएसके ने 50 लाख रुपये के उनके आधार मूल्य पर खरीदा.
कई वर्षों तक आईपीएल नीलामी में नहीं बिकने वाले पुजारा को इस साल सीएसके ने 50 लाख रुपये के उनके आधार मूल्य पर खरीदा और वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप के प्रति बदली मानसिकता और रवैये के साथ खेलने के लिए तैयार हैं. पावर हिटर (बड़े शॉट खेलने वाला खिलाड़ी) नहीं होने के कारण हमेशा पुजारा के स्ट्राइक रेट पर सवाल उठते रहे हैं और उन्होंने कहा कि वह इसमें सुधार के लिए राष्ट्रीय टीम के अपने कप्तान कोहली और उप कप्तान रोहित की तरह टाइमिंग पर निर्भर करेंगे.
‘विराट जैसे खिलाड़ियों से सीखता हूं’
पुजारा ने ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ से कहा, ‘‘जब बात स्ट्राइक रेट की आती है तो हां, मैं सहमत हूं कि मैं पावर हिटर नहीं हूं. लेकिन साथ ही आप विराट जैसे खिलाड़ियों से सीखते हैं. रोहित, वह पूरी तरह से पावर हिटर नहीं है लेकिन गेंद को सबसे अच्छी टाइमिंग के साथ मारने वाले खिलाड़ियों में से एक है जिन्हें सीमित ओवरों के प्रारूप में मैंने देखा है. ’’ यहां तक कि न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन से भी सीख ली जा सकती है क्योंकि वह सभी तरह के क्रिकेट शॉट खेलते हैं.पुजारा ने कहा, ‘‘आप केन विलियमसन जैसे खिलाड़ियों से सीखते हो. यहां तक कि स्टीव स्मिथ से भी. ये सभी सिर्फ अच्छे क्रिकेट शॉट खेलकर रन बनाते हैं और साथ ही कुछ नया करने की कोशिश भी करते हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरी भी यही मानसिकता है कि अगर मुझे सफल होना है तो मुझे भी कुछ नया करना होगा लेकिन साथ ही आप सटीक क्रिकेट शॉट खेलकर भी रन बना सकते हो. आपको अपने शॉट को ताकतवर बनाने की जरूरत, मैं इससे इनकार नहीं करता लेकिन साथ ही मुझे लगाता है कि क्रिकेट की समझ ही आपका सबसे मजबूत पक्ष है. ’’
यह भी पढ़ें:
कोरोना के खतरे के बीच मुंबई में ही होंगे IPL मैच, BCCI ने कहा-इतने कम समय में बायो-बबल संभव नहीं
IPL 2021: बतौर कप्तान केएल राहुल का बल्लेबाजी औसत सबसे अच्छा, रोहित का सबसे खराब
इस 33 साल के खिलाड़ी ने स्वीकार किया कि अपने करियर के शुरुआती चरण में उन्हें लगता था कि टी20 क्रिकेट की जरूरत के अनुसार खेल में बदलाव से उनका टेस्ट क्रिकेट प्रभावित होगा लेकिन अब ऐसा नहीं है.
राहुल द्रविड़ ने दिलाया भरोसा
पुजारा ने कहा कि उन्हें राहुल द्रविड़ की सलाह से भी मदद मिली. उन्होंने कहा, ‘‘मुझे काफी समय पहले राहुल भाई से यह सलाह मिली थी लेकिन मैं अब भी इसका जिक्र करना चाहता हूं. उन्होंने कहा था कि अगर आप अलग अलग शॉट खेलने का प्रयास करोगे तो भी आपका स्वाभाविक खेल नहीं बदलेगा.’’ पुजारा का साथ ही मानना है कि अगर आप लाल गेंद के सफल खिलाड़ी हैं तो सीमित ओवरों के प्रारूप से सामंजस्य बैठाना मुश्किल नहीं होता.