पंजाब किंग्स के कोच अनिल कुंबले ने कहा कि शाहरुख खान में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कायरान पोलार्ड जैसी काबिलियत है. (Punjab kings twitter)
पंजाब किंग्स के कोच अनिल कुंबले (Anil Kumble) ने टीम के युवा बल्लेबाज शाहरुख खान(Shahrukh Khan) की तारीफ की है. उन्होंने कहा कि मुझे शाहरुख में वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर कायरान पोलार्ड की झलक नजर आती है. कोच से मिली तारीफ पाकर शाहरुख भी काफी खुश हैं.
इस बारे में कुंबले ने कहा कि शाहरुख खान मुझे थोड़ा बहुत पोलार्ड की याद दिलाते हैं. जब मैं मुंबई इंडियंस में था, तब पोलार्ड नेट्स में काफी खतरनाक थे. मैं तब नेट्स में थोड़ी बहुत गेंदबाजी किया करता था. मैं उनसे कहता था कि सीधे शॉट ज्यादा मत मारो. मैं यहां बिल्कुल भी गेंद पकड़ने की कोशिश नहीं करूंगा. अब मेरी उम्र काफी हो चुकी है और शरीर साथ नहीं देता है. इसलिए शाहरुख जैसी बल्लेबाजी करते हैं, उन्हें तो कम से कम मैं नेट्स में गेंदबाजी नहीं करूंगा. ये बात बिल्कुल तय है.
कुंबले जैसे दिग्गज से तारीफ मिलना बड़ा बात: शाहरुख
कुंबले से अपनी तारीफ सुनकर शाहरुख भी काफी खुश हैं. उन्होंने कहा कि मेरे लिए ये बड़ी बात है कि कुंबले जैसे दिग्गज खिलाड़ी ने ऐसी बात कही. मैं पंजाब टीम में मौजूद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ में शामिल सदस्यों से काफी बात करता हूं. इनसे मुझे खेल के बारे में काफी कुछ सीखने को मिल रहा है.
“He reminds me a bit of Pollard!”
da apna #SaddaPunjab #PunjabKings #IPL2021 pic.twitter.com/yO4MCbDCpJ— Punjab Kings (@PunjabKingsIPL) April 4, 2021
शाहरुख को 5.25 करोड़ में पंजाब ने खरीदा है
शाहरुख घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु की ओर से खेलते हैं. इस बार की आईपीएल नीलामी में प्रीति जिंटा की मालिकाना हक वाली पंजाब टीम ने उन्हें 20 लाख की बेस प्राइस से 20 गुना ज्यादा कीमत देकर 5.25 करोड़ रुपए में खरीदा था. उन्हें खरीदने के लिए पंजाब, दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच में बीडिंग वॉर देखने को मिला था. पंजाब टीम के लिए चुने जाने पर शाहरुख भी काफी खुश थे. तब उन्होंने कहा था कि ऑक्शन करीब तीन बजे दोपहर में शुरू हुआ था और हम इंदौर के होलकर स्टेडियम में प्रैक्टिस कर रहे थे. मैंने फिजियो को कहा था कि जब नीलामी में मेरा नाम आए तो मुझे इसकी जानकारी जरूर देना. हालांकि, उस समय मेरा नाम नहीं आय़ा और हम प्रैक्टिस सेशन खत्म करने बस से होटल लौट रहे थे. तभी नीलामी में मेरा नाम आया. मेरी धड़कनें बढ़ गईं और मुझे इतनी बड़ी कीमत में खरीदा गया.
इसे भी पढ़ें, फखर जमां ने चेज करते हुए वनडे इतिहास की सबसे बड़ी पारी खेली, पाकिस्तान फिर भी निराश!
तमिलनाडु प्रीमियर लीग में अच्छे प्रदर्शन के बाद से ही शाहरुख पर फ्रेंचाइजियों की नजर थी. वो अब तक 31 टी20 में 131 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 293 रन बना चुके हैं. वो बल्लेबाजी के साथ ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं.