हनुमा बिहारी ने ऑस्ट्रेलिया में सीरीज जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी . @Hanumavihari
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (world test championship) का फाइनल जून में इंग्लैंड में खेला जाना है. 18 से 22 जून तक होने वाले मैच में टीम इंडिया की भिड़ंत न्यूजीलैंड से होगी.
फाइनल के बाद टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेलनी है. हनुमा विहारी इंग्लैंड पहुंच गए हैं. उन्होंने काउंटी टीम वारविकशर से करार किया है. बर्मिंघम की इस काउंटी टीम के साथ वे इस सीजन के कम से कम तीन मैच में उतरेंगे. बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा, ‘हां, विहारी इस सत्र में इंग्लैंड की काउंटी टीम वारविकशर के लिए खेलेंगे. वह कुछ मैच खेलेंगे. वह इंग्लैंड में है.’ हालांकि वारविकशर काउंटी ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है. लेकिन बीसीसीआई अधिकारियों के अनुसार इसके करार से जुड़ी चीजों पर काम किया जा रहा है.
12 टेस्ट में एक शतक और चार अर्धशतक लगाया
अधिकारी ने कहा, ‘करार से जुड़ी चीजों पर काम जारी है. वह कम से कम तीन मैच खेलेंगे. हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या उन्हें कुछ और मैचों में खेलने का मौका मिल सकता है.’ विहारी ने इससे पहले 2019 में दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया था, लेकिन उसके बाद टेस्ट विशेषज्ञ का ठप्पा लगने के कारण आईपीएल नीलामी में किसी फ्रेंचाइजी ने उनके लिए बोली नहीं लगाई. इस 27 साल के बल्लेबाज ने भारत के लिए 12 टेस्ट में 32 के अधिक के औसत से 624 रन बनाए हैं. उन्होंने इस दौरान एक शतक और चार अर्धशतक लगाया है.यह भी पढ़ें: IPL 2021: वानखेड़े स्टेडियम के 3 और कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव, अब ग्राउंड स्टाफ घर नहीं जाएगा
सिडनी में मांसपेशियों में खिंचाव के बाद भी 4 घंटे तक बल्लेबाजी की थी
हनुमा विहारी अंतिम बार सिडनी टेस्ट में खेले थे. उन्होंने मांसपेशियों में खिंचाव के बाद भी चार घंटे की जुझारू पारी में नाबाद 23 रन बनाने के साथ रविचंद्रन अश्विन के साथ मिलकर टेस्ट मैच ड्रा करने में अहम भूमिका निभाई थी. बेंगलुरू स्थित एनसीए में रिहैब के बाद उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी की थी. आंध्र का यह बल्लेबाज पहले मैच में अर्धशतक लगाने के बाद अगले पांच मैचों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहा. सूत्र ने कहा, ‘इस बार का घरेलू सत्र काफी छोटा है और टेस्ट टीम के सदस्य विहारी को मैच अभ्यास की जरूरत है. चेतेश्वर पुजारा सहित टीम के उनके सभी साथी आईपीएल का हिस्सा हैं. आईपीएल सीमित ओवरों का प्रारूप है, लेकिन वे फिट और मैच के लिए तैयार होंगे।’ उन्होंने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि विहारी को इंग्लैंड दौरे से पहले मैदान पर समय बिताने का मौका मिले. यह सिर्फ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए नहीं है, बल्कि इसके बाद पांच टेस्ट मैचों की सीरीज भी है. हमें उसकी तैयारी की जरूरत है।’ पिछले कुछ वर्षों में बीसीसीआई की कोशिश रही है कि इंग्लैंड दौरे से पहले भारतीय खिलाड़ी काउंटी क्रिकेट में खेलें. इशांत शर्मा, आर अश्विन और अक्षर पटेल हाल के वर्षों में काउंटी क्रिकेट में खेल चुके हैं.