Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुरएक मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- कचरे के ढेर में भी आग लगने पर भी लोग सीधे फायर ब्रिगेड को कर देते हैं फोन, रोज परेशान हो रहे दमकल कर्मी
गर्मी के मौसम में अग्नि दुर्घटनाओं की बाढ़ सी आ जाती है और जंगल, पहाड़ सुलगने लगते हैं। इन्हीं के बीच में चंद मस्खरों को भी मस्ती सूझती है और वे फायर ब्रिगेड जैसी महत्वपूर्ण और आवश्यक सेवा के साथ मजाक करने से नहीं चूकते। कभी कंट्रोल रूम के जरिए तो कभी सीधे फायर ब्रिगेड में ही आग लगने की ऐसी सूचनाएँ पहुँचाई जा रही हैं, जो पूरी तरह से फर्जी होती हैं।
सोमवार को ही फायर ब्रिगेड के 5 कर्मचारी दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक चूल्हा गोलाई से लेकर बरगी तक आग खोजते रहे लेकिन कोई आग नहीं मिली। मामला दरअसल यह है कि दोपहर में पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि चूल्हा गोलाई के पास आग भड़क रही है। तत्काल ही दमकल के एक वाहन को 5 कर्मचारियों के साथ चूल्हा गोलाई के लिए रवाना किया गया।
फायर कर्मी चूल्हा गोलाई पहुँचे तो वहाँ कहीं भी आग लगने की जानकारी नहीं मिली। आगे बढ़ते हुए कर्मचारियों ने आसपास के कई गाँवों से जानकारी ली, लेकिन कुछ नहीं मिला। इस प्रकार वे शाम को 7 बजे तक भटकते रहे और हारकर बरगी पुलिस थाने में सूचना देकर वापस आ गए कि कहीं कोई दुर्घटना स्थल नहीं मिला।
पहाड़ियों पर वन विभाग क्यों नहीं रख रहा नजर
फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का कहना है कि दमकल विभाग को शहरी क्षेत्रों की आग बुझाने का अनुभव होता है, जबकि जंगल और पहाड़ों की आग पर वन विभाग को एक्शन लेना चाहिए, लेकिन वन विभाग ऐसा नहीं करता है और न ही गर्मी में वन विभाग के कर्मचारी ऐसे संवेदनशील पहाड़ों और जंगलों पर नजर रखते हैं। लोग सीधे दमकल विभाग को ही सूचित करते हैं और दमकल वाहन तत्काल मौके पर पहुँचते भी हैं लेकिन फर्जी कॉल से मुसीबत बढ़ रही है।
उठी पुलिस विभाग से कार्रवाई की माँग
फर्जी कॉल करके फायर ब्रिगेड को परेशान करने और हजारों रुपयों का नुकसान करने वालों पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, जबकि अब तो हर कॉल रिकॉर्ड होता है, उसकी डिटेल निकालने में कोई दिक्कत नहीं होती है।
डुमना के पास लगी आग
सोमवार को डुमना पुलिस चौकी के पास झाड़ियों में आग लग गई। तत्काल ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई और एक वाहन ने कुछ ही देर में आग को नियंत्रित कर लिया। गतदिवस नया गाँव की पहाड़ी पर भी अचानक ही आग भड़क उठी थी, जो विद्युत मंडल के एक कार्यालय तक पहुँच गई थी जहाँ बड़ी मात्रा में केबल आदि रखी थीं। आग से कुछ केबल भी जल गई थीं। दमकल वाहनों ने कुछ घंटों की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया था।पी-2