- Hindi News
- Sports
- Cricket
- Ipl
- Rishabh Pant Will Be A Successful Captain Or Not Poll Result DC Rohit Sharma MS Dhoni Indian Premier League
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मुंबई28 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन का आज से आगाज होगा। 23 साल के ऋषभ पंत इस साल पहली बार IPL में कप्तानी करते नजर आएंगे। फैन्स को भी उन पर भरोसा है। उन्हें लगता है कि पंत दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी के साथ-साथ अच्छी बल्लेबाजी भी करेंगे। कप्तानी के दबाव का उनकी बैटिंग पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
यह बात भास्कर के सोशल मीडिया पर किए गए पोल में सामने आई है। भास्कर पोल में फैन्स से पूछा गया कि क्या इस साल IPL में पंत कप्तानी के दबाव के बीच अच्छी बैटिंग कर पाएंगे? इसके जवाब में हां पर 69.7% लोगों का वोट मिला। वहीं, 30.3% लोगों ने कहा कि पंत कप्तानी का दबाव नहीं झेल पाएंगे। दिल्ली की टीम 14वें सीजन में अपने अभियान की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 10 अप्रैल को करेगी।
श्रेयस के चोटिल होने पर पंत को बनाया गया कैप्टन
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान दिल्ली के रेगुलर कप्तान श्रेयस अय्यर चोटिल हो गए थे। उन्हें डॉक्टर ने 4 महीने आराम करने को कहा है। इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने पंत को कप्तान नियुक्त किया। पंत फिलहाल अपने करियर के सबसे शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी-20) की पिछली 15 पारियों में 736 रन बनाए हैं। इस दौरान एक शतक भी लगाया है। वे 2 बार नर्वस-90 का शिकार हुए हैं।
पिछले 4 महीने में कड़ी मेहनत से गेम को किया इम्प्रूव
पिछले 4 महीनों में पंत अपने गेम को अलग ही लेवल पर ले गए हैं। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के साथ-साथ विकेटकीपिंग स्किल्स से सबका दिल जीत लिया। पंत में दबाव झेलने की गजब की क्षमता है। इस साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी और ब्रिस्बेन टेस्ट और इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में हुए चौथे टेस्ट में पंत ने जिस तरह की पारी खेली, वह केवल वही खिलाड़ी खेल सकता है जिसके पास हर तरह के प्रेशर को जज कर लेने की क्षमता हो। उन्होंने पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ भी तीनों फॉर्मेट में बेहतरीन पारियां खेलीं।
ऑस्ट्रेलिया में 97 और 89 रन की पारी ने पंत को हीरो बनाया
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट में उन्होंने लगभग हारे हुए मैच को कंगारू टीम के कब्जे से निकालकर भारत की ओर मोड़ दिया। सिडनी में चौथी पारी में जहां बल्लेबाजी करना बेहद मुश्किल था, वहां वे 118 गेंद पर 97 रन बनाकर आउट हुए और यह मैच ड्रॉ रहा। जो काम वे सिडनी टेस्ट में नहीं कर पाए, वह काम उन्होंने ब्रिस्बेन के गाबा में हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट में कर दिया।
गाबा में पंत चौथी पारी में 138 गेंदों पर 89 रन बनाकर नाबाद रहे। इसकी बदौलत भारत ने 32 साल बाद गाबा में ऑस्ट्रेलिया को हराकर इतिहास रचा था। जब वे ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए गए थे, तो उन्हें टीम में विकल्प विकेटकीपर के तौर पर देखा जा रहा था। जब वे वापस आए, तो देश के सबसे पॉपुलर बल्लेबाज बन चुके थे।
अहमदाबाद में टर्निंग ट्रैक पर शतक लगाकर मैच जिताया
इसके बाद इंग्लैंड के पिछले महीने हुए टेस्ट सीरीज में टर्निंग ट्रैक पर उन्होंने विकेट के पीछे कई शानदार कैच और स्टंप्स किए। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया सीरीज ने दर्शाया कि वे अब एक मैच्योर प्लेयर बन चुके हैं। इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट में लगाया गया शतक (101 रन) यह बताने के लिए काफी था कि वे कंडीशन को पढ़ने और उसके मुताबिक बल्लेबाजी करने में महारत हासिल कर चुके हैं। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में भारत के टॉप ऑर्डर के विफल होने के बाद भी अग्रेसिव क्रिकेट खेली और अच्छे शॉट्स से रन बटोरे। BCCI अध्यक्ष सौरव गांगुली भी पंत की कई बार तारीफ कर चुके हैं।
पंत की यह 3 पारियां मौजूदा समय के दिग्गज बल्लेबाजों ने अपने करियर के 80-90 टेस्ट मैचों में नहीं खेली होंगी। उन्होंने जिस तरह से जेम्स एंडरसन और जोफ्रा आर्चर को रिवर्स स्कूप पर छक्का लगाया, उसे देखकर यही लगता है कि वे बल्लेबाजी में आउट ऑफ द बॉक्स सोचते हैं। निश्चित तौर पर यही चीज हमें उनकी कप्तानी में भी देखने को मिल सकती है।
सचिन, सहवाग और युवराज का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं पंत
IPL के इस सीजन में पंत के पास सबसे ज्यादा रन के मामले में सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़ और जैक कैलिस के साथ वीरेंद्र सहवाग और युवराज सिंह को भी पीछे छोड़ने का मौका है। 2016 सीजन से IPL में डेब्यू करने वाले पंत ने अब तक 68 मैच में 2079 रन बनाए हैं। जबकि द्रविड़ के नाम 89 मैच में 2174 और सचिन के नाम 78 मैच में 2334 रन दर्ज हैं। कैलिस ने 98 मैच में 2427 रन बनाए। यह तीनों ही दिग्गज IPL से रिटायरमेंट ले चुके हैं। पंत यदि इस सीजन में 672 रन बनाते हैं, तो वे सहवाग और युवराज को भी पीछे छोड़ देंगे। लीग में सहवाग ने 104 मैच में 2728 और युवी ने 132 मैच में 2750 रन बनाए हैं।
सबसे ज्यादा शिकार के मामले में गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ेंगे पंत
पंत के पास बतौर विकेटकीपर सबसे ज्यादा खिलाड़ियों को शिकार बनाने के मामले में गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़ने का मौका है। पंत इस लिस्ट में 9वें नंबर पर हैं। उन्होंने अब तक 68 मैच में 54 खिलाड़ियों को शिकार बनाया। वहीं, गिलक्रिस्ट ने 80 मैच में 67 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा था। हालांकि पंत और गिलक्रिस्ट के बीच में अभी साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक भी हैं, जिन्होंने 66 मैच में 58 शिकार किए हैं। डिकॉक इस सीजन में मुंबई के लिए खेलेंगे, जबकि गिलक्रिस्ट संन्यास ले चुके हैं।
IPL में 20+ शिकार करने का रिकॉर्ड पंत और डिकॉक के नाम
बतौर विकेटकीपर पंत के नाम IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा 24 खिलाड़ियों को पवेलियन भेजने का रिकॉर्ड दर्ज है। यह उपलब्धि उन्होंने 2019 के सीजन में हासिल की थी। पंत के बाद दूसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस के क्विंटन डिकॉक हैं। इस विकेटकीपर ने 2020 सीजन में 22 खिलाड़ियों को शिकार बनाया था। इन दोनों के अलावा अब तक कोई विकेटकीपर एक सीजन में 20 से ज्यादा शिकार नहीं कर सका।