IPL 2021: दिल्ली कैपिटल्स पड़ेगी चेन्नई सुपरकिंग्स पर भारी? (PC- धोनी और पंत इंस्टाग्राम)
चेन्नई सुपरकिंग्स और दिल्ली कैपिटल्स (CSK VS DC) के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टक्कर होगी. इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स का पलड़ा भारी है, आइए बताते हैं क्यों.
दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स में एक बहुत बड़ा अंतर है उम्र का. सुपरकिंग्स के पास अनुभव जरूर है लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के पास अनुभव और उम्र दोनों का साथ है. टीम में ऋषभ पंत जैसा आक्रामक बल्लेबाज और कप्तान है. पृथ्वी शॉ, अजिंक्य रहाणे, मार्कस स्टोयनिस और स्टीव स्मिथ भी इस टीम की ताकत बढ़ा रहे हैं. वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम में कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो काफी समय से क्रिकेट के मैदान से दूर हैं.
चेन्नई सुपरकिंग्स के सुपरस्टार्स की कमजोरीचेन्नई सुपरकिंग्स के पास सुरेश रैना, अंबाती रायडू, फाफ डुप्लेसी, इमरान ताहिर, जैसे खिलाड़ी हैं लेकिन मुसीबत का सबब ये है कि इन खिलाड़ियों को मैच प्रैक्टिस नहीं है. ये खिलाड़ी काफी समय से ज्यादा क्रिकेट नहीं खेल रहे हैं. मोइन अली की ही बात कर लें तो वो हाल ही में भारत के खिलाफ सीरीज में इंग्लैंड की टीम का हिस्सा थे लेकिन वो टी20 नहीं खेले. फाफ डुप्लेसी ने आखिरी बार मैदान में कदम पीएसएल के दौरान रखा था. सुरेश रैना और अंबाती रायडू ने अपना आखिरी मैच जनवरी में खेला था. खुद कप्तान एमएस धोनी रिटायर हो चुके हैं और अपना आखिरी मैच पिछले आईपीएल में खेले थे. रवींद्र जडेजा हैं तो गजब की फॉर्म में लेकिन वो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हो गए थे और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट, वनडे और टी20 सीरीज में नहीं खेले. जडेजा चोट के बाद वापसी कर रहे हैं. चेन्नई सुपरकिंग्स की इस कमजोरी का फायदा दिल्ली कैपिटल्स उठा सकती है. यही वजह है कि ऋषभ पंत, धोनी पर भारी पड़ते दिखाई दे रहे हैं.