Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- कोतवाली थाना पुलिस ने दर्ज की है धोखाधड़ी की FIR
एक भाजपा नेता को उसके ही दोस्त ने उसकी ही जमीन का सौदा कर 60 लाख रुपए का चूना लगा दिया है। भाजपा नेता ने जब अपने 60 लाख रुपए मांगे तो आरोपी दोस्त ने कह दिया कि वो तो वह दे चुका है अब बार-बार नहीं देगा। घटना कोतवाली थानाक्षेत्र में दो साल से अभी तक की है। भाजपा नेता की पत्नी पूर्व पार्षद है। भाजपा नेता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की FIR दर्ज की गई है।
पुरानी छावनी निवासी अनसुइया जादौन पूर्व पार्षद हैं। उनके पति विनोद जादौन भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हैं। विनोद जादौन की व्यापारी सुरेश जैन से पुरानी दोस्ती है। सुरेश जैन पीताम्बरा रियल डवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के संचालक हैं। भाजपा नेता की कुछ जमीन साडा रोड स्थित खेरिया गांव के पास है। कुछ समय पूर्व सुरेश जैन ने उनसे उनकी सात बीघा जमीन का सौदा 1 करोड़ 28 लाख रुपए में तय किया था। जमीन का अनुबंध कर 20 लाख रुपए का चेक दिया था और कुछ समय बाद 48 लाख रुपए और देकर रजिस्ट्री करा ली। शेष 60 लाख रुपए कुछ समय बाद देने की बात कही थी। दोनों के बीच अच्छी दोस्ती थी इसलिए भाजपा नेता ने उनकी हर बात मान ली। इसके बाद सुरेश जैन से जब भी भाजपा नेता ने अपने रुपए मांगे तो वह टहलाते रहे। जब पीडि़त ने शेष रकम के लिए दबाव बनाया तो सुरेश जैन ने साफ कह दिया कि वह पैमेंट कर चुके हैं और इसका उल्लेख उन्होंने अपने अकाउंट में भी दिखाया। यह देखकर वह भाजपा नेता हैरान रह गए। उनका कहना था कि जब उनको रुपए मिले ही नहीं है तो वह कैसे अकाउंट में दिखा सकता है। जब इसकी जांच की तो पता चला कि 60 लाख रुपए के चेक तो भाजपा नेता के नाम से काटे गए हैं पर वह भाजपा नेता तक नहीं पहुंचे। आरोपी ने अपने ही नौकर से कैश करा लिए। इन चेक का विवरण अकाउंट बनाते समय कर दिया। तत्काल मामले की सूचना कोतवाली थाना में दी गई, क्योंकि रजिस्ट्री के समय सारा लेनदेन रजिस्टार कार्यालय में हुआ था। पुलिस ने आरोपी व्यापारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।