सुरेश रैना ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार अर्धशतक जड़ा लेकिन उनकी टीम चेन्नई को शिकस्त झेलनी पड़ी. (PTI)
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए IPL-2021 के दूसरे मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी. सीएकसके के सुरेश रैना ने 36 गेंदों पर 54 रन की अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए. उन्होंने कहा कि सीएसके टीम को मुकाबले में 15-20 रन और बनाने चाहिए थे.
चेन्नई फ्रेंचाइजी की वेबसाइट पर जारी वीडियो में रैना ने कहा, ‘मैच को हारना थोड़ा निराशाजनक रहा, यह और बेहतर हो सकता था लेकिन मैंने हमेशा कहा है कि यह वापसी करने के बारे में है. अगर हम और 15-20 रन बनाते तो बेहतर होता. मुझे लगता है कि हमने बीच के ओवरों में बेहतर गेंदबाजी की. अगले कुछ दिनों में हमारे पास कुछ अच्छे अभ्यास सत्र में भाग लेना का मौका होगा जहां हम सुधार करने के बारे में सीख सकते हैं.’
इसे भी पढ़ें, चेन्नई के कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने बताई हार की वजह, मुंबई इंडियंस का दिया उदाहरण
यूएई में खेले गए आईपीएल के पिछले सीजन से बाहर रहे रैना ने कहा कि उन्होंने पीले रंग की जर्सी में वापसी का लुत्फ उठाया. बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने कहा, ‘महेन्द्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स के साथ वापसी करना शानदार लगता है. ऐसी टीम के लिए योगदान करना हमेशा अच्छा होता है जिसने खिलाड़ियों के लिए काफी कुछ किया हो. पीले रंग की जर्सी में वापसी करना हमेशा शानदार रहा है. यह गर्व की बात है.’इस पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने दिल्ली के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में 36 गेंदों की अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए. अब चेन्नई को 16 अप्रैल को अपने अगले मुकाबले में पंजाब किंग्स का सामना करना है.