नई दिल्ली: कोरोना वायरस (Corona Virus) के चलते आईपीएल 2021 (IPL 2021) से पहले ही होटल के कमरे में 10 दिनों तक क्वारंटाइन में रहने को काफी चुनौतीपूर्ण करार देते हुए दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्टजे (Anrich Nortje) ने कहा कि वो रविवार को पंजाब किंग्स (Punjab Kings) के खिलाफ खेले जाने वाले मैच में दमदार प्रदर्शन कर अपनी लय बरकरार रखना चाहते है.
गलत रिपोर्ट का हुए थे शिकार
दक्षिण अफ्रीका के इस गेंदबाज को कोविड-19 (Covid- 19) की गलत पॉजिटिव रिपोर्ट के कारण अधिक समय तक क्वारंटाइन में रहना पड़ा था. जांच में तीन बार नेगेटिव आने के बाद वह शुक्रवार को टीम के साथ जुड़े गए हैं.
दिल्ली कैपिटल्स (DC) से शनिवार को बातचीत में नॉर्टजे (Anrich Nortje) ने कहा, ‘मेरे लिए 10 दिनों तक क्वारंटाइन में रहना काफी मुश्किल था. उससे बाहर निकलना, अभ्यास और गेंदबाजी करना अच्छा रहा. उम्मीद है कि यहां से लय बरकरार रख कर अच्छा कर पाउंगा.’
अच्छे प्रदर्शन की है उम्मीद
नॉर्टजे (Anrich Nortje) ने उम्मीद जताई की टीम वानखेड़े स्टेडियम में परिस्थितियों का सर्वश्रेष्ठ तरीके से फायदा उठाकर अच्छा प्रदर्शन करेगी. उन्होंने पंजाब किंग्स (Punjab Kings) का जिक्र करते हुए कहा कि टीम किसी को भी हलके में नहीं ले रही है. नॉर्टजे ने कहा, ‘कोई भी टीम कमजोर नहीं है, हर टीम बहुत प्रतिस्पर्धी है और कोई भी किसी को हरा सकता है. हम किसी को हलके में नहीं ले रहे हैं और उम्मीद है कि अपनी योजना के साथ मैदान पर उतरेंगे.’
पिछले साल किया था अच्छा प्रदर्शन
नॉर्टजे (Anrich Nortje) ने आईपीएल 2020 में बेहतरीन प्रदर्शन किया था. नॉर्टजे (Anrich Nortje) ने आईपीएल के पिछले सीजन में 16 मैचों में 22 विकेट लेकर दिल्ली को फाइनल तक पहुंचाने में काफी हद तक मदद की थी. उन्होंने अपने साथी गेंदबाज कगिसो रबाड़ा के साथ मिलकर सभी टीमों को खूब परेशान किया था. दिल्ली की टीम ने पिछले साल पहली बार आईपीएल फाइनल में जगह बनाई थी.