महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली CSK ने मुंबई में हुए पिछले मैच में पंजाब किंग्स को 6 विकेट से हराया था. (PIC:PTI)
आईपीएल 2021(IPL 2021) में सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच मुंबई में मुकाबला होगा. दोनों ही टीमें पहला मैच गंवाने के बाद दूसरा मैच जीती हैं. ऐसे में वो जीत के लय को बरकरार रखना चाहेंगी. हालांकि, ओपनिंग जोड़ी को लेकर दोनों टीमों की मुश्किलें बढ़ी हुई लग रही हैं.
पिछले मैच में चेन्नई की गेंदबाजी काफी अच्छी रही थी. नई गेंद से दीपक चाहर पंजाब के गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे थे. उन्होंने मैच में 4 ओवर में 13 रन देकर 4 विकेट लिए थे. ऐसे में वो राजस्थान के खिलाफ भी नई गेंद से गेंदबाजी की कमान संभालेंगे. वहीं, टीम के लिए मोईन अली भी अब तक अच्छे साबित हुए हैं. वो गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी कमाल दिखा रहे हैं. उन्होंने पिछले मैच में पंजाब के खिलाफ तीन नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 36 रन बनाए थे. साथ ही वो एक विकेट लेने में भी सफल ऱहे थे. दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले मैच में भी मोईन ने 36 रन बनाए थे. ऐसे में वो राजस्थान के खिलाफ इसी भूमिका को निभा सकते हैं.
सीएसके रॉबिन उथप्पा को मौका दे सकती है
सीएसके के सामने बल्लेबाजी को लेकर जरूर थोड़ी चुनौती है. खासतौर पर ओपनर रितुराज गायकवाड़ को लेकर. वो दोनों मैच में टीम को ठोस शुरुआत दिलाने में नाकाम रहे हैं. गायकवाड़ ने 2 मैच में 10 रन बनाए हैं. ऐसे में कप्तान धोनी उनकी जगह अनुभवी रॉबिन उथप्पा को मौका दे सकते हैं. वो फाफ डू प्लेसिस के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं. पिछले मैच में मुंबई के पिच पर तेज गेंदबाजों को मिली मदद के बाद धोनी राजस्थान के खिलाफ सैम करेन को आराम देकर दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी को प्लेइंग-11 में शामिल कर सकते हैं. एनगिडी 7 दिन की क्वारेंटाइन अवधि पूरी करने के बाद ट्रेनिंग शुरू कर चुके हैं.धोनी का फॉर्म सीएसके के लिए परेशानी का सबब
सुरेश रैना की मौजूदगी से निश्चित रूप से चेन्नई की बल्लेबाजी इकाई मजबूत होगी और आने वाले समय में उनकी फार्म अहम रहेगी. धोनी पंजाब के खिलाफ बल्लेबाजी के लिये नहीं उतर सके थे, जबकि पहले मैच में वह शून्य पर आउट हो गये थे. ऐसे में उनका फॉर्म में लौटना टीम के लिए जरूरी है. इस मैच में हो सकता है कि वो बल्लेबाजी क्रम में बदलाव कर खुद थोड़ा ऊपर खेलने आएं.
ओपनिंग जोड़ी को लेकर दोनों टीमें परेशान
चेन्नई की तरह राजस्थान के लिए भी सलामी जोड़ी परेशानी का सबब बनी हुई है. दो मैच में टीम दो अलग-अलग सलामी जोड़ी के साथ उतर चुकी है. पहले मैच में पंजाब के खिलाफ बेन स्टोक्स और मनन वोहरा ने ओपनिंग की थी. लेकिन स्टोक्स शून्य पर तो वोहरा 12 रन पर आउट हो गए थे. स्टोक्स के चोटिल होने के कारण दूसरे मैच में जोस बटलर ने वोहरा के साथ पारी शुरू की. लेकिन इस बार भी ओपनिंग जोड़ी नाकाम रही. बटलर 2 और वोहरा 9 रन बनाकर आउट हुए. ऐसे में टीम इस मैच में मनन की जगह बतौर ओपनर यशस्वी जायसवाल को खिला सकती है.
बल्लेबाजी राजस्थान का मजबूत पहलू
राजस्थान के लिए राहत की बात ये है कि कप्तान संजू सैमसन जबरदस्त फॉ़र्म में हैं. पंजाब किंग्स के खिलाफ 119 रन की पारी खेलकर उन्होंने अकेले दम पर टीम को लगभग मैच जिता ही दिया था. उनके अलावा जोस बटलर और डेविड मिलर की फॉर्म टूर्नामेंट में टीम के प्रदर्शन के लिहाज से अहम है. अनुभवी तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट ने दिल्ली के खिलाफ शानदार स्पैल फेंका था, जबकि चेतन सकारिया ने भी उम्मीद जगाई हैं. मॉरिस और मुस्तफिजुर रहमान भी कठिन परिस्थितियों में अहम साबित हो सकते हैं.
IPL 2021: वरुण चक्रवर्ती ने 2 गेंद में किया विराट कोहली को आउट, फिर भी टीम इंडिया के दरवाजे बंद!
राजस्थान ने सीएसके के खिलाफ पिछले दोनों मैच जीते
दोनों टीमों के बीच अब तक 23 मुकाबले हुए हैं. इसमें से 14 चेन्नई और 9 राजस्थान ने जीते हैं. हालांकि, दोनों टीमों के बीच पिछले दो मुकाबलों की बात करें तो राजस्थान का पलड़ा भारी रहा था. पिछले आईपीएल में उसने दोनों मैच में सीएसके को शिकस्त दी थी. अब देखना होगा कि दो विकेटकीपर की अगुआई वाली टीमों में से जीत किसे नसीब होती है.