भारत सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को इस साल देश में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए वीजा देने पर राजी हो गई है. 2 दिन पहले ये जानकारी सामने आई थी. (PCB Twitter)
इस साल भारत में अक्टूबर-नवंबर में होने वाले टी20 विश्व कप (ICC T20 World Cup 2021) में दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम (Arun Jaitely Stadium) पाकिस्तान के दो मैच की मेजबानी कर सकता है. वहीं, मुंबई और कोलकाता में टूर्नामेंट के दोनों सेमीफाइनल खेले जा सकते हैं.
न्यूज एजेंसी आईएनएनएस को बीसीसीआई से जुड़े सूत्र ने ये जानकारी दी है कि पाकिस्तान अपने दो मैच दिल्ली में खेल सकता है. अभी तक के संभावित शेड्यूल के मुताबिक, दिल्ली में टी20 वर्ल्ड कप के नॉक आउट मैच नहीं होंगे. जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद में नए बने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल, जबकि मुंबई और कोलकाता में विश्व कप के दोनों सेमीफाइनल खेले जाएंगे. वहीं, धर्मशाला को भी एक नॉक आउट मैच की मेजबानी के लिए चुना गया है.
बीसीसीआई ने वर्ल्ड कप के लिए 9 वेन्य तय किए
बीसीसीआई ने 2021 में होने वाले टी20 विश्व कप के लिए 9 वेन्यू का चयन किया है. इसमें दिल्ली, मुंबई, धर्मशाला, चेन्नई, लखनऊ, अहमदाबाद, कोलकाता और बेंगलुरु और हैदराबाद शामिल हैं. हालांकि, कोरोना संक्रमण के मौजूदा हालात को देखते हुए वेन्यू पर अंतिम मुहर लगाने का फैसला टूर्नामेंट के करीब आने पर लिया जाएगा. हालांकि, सूत्रों की मानें तो बोर्ड ने संबंधित राज्य क्रिकेट एसोसिएशन को वेन्यू तैयार करने के निर्देश दिए हैं. इस बार टूर्नामेंट में 16 टीमें खेलेंगी और कुल 45 मैच होंगे.इसे भी देखें, बेयरस्टो के छक्के से चकनाचूर हो गया डगआउट में रखा फ्रीज, बाल-बाल बचे हैदराबाद के खिलाड़ी
भारत में हुए 2016 टी20 विश्व कप में भी पाकिस्तान खेला था
पाकिस्तान की क्रिकेट टीम पिछली बार 2016 में टी-20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने भारत आई थी. 25 मार्च 2016 को उसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में भारतीय जमीन पर आखिरी मैच खेला था. उस टूर्नामेंट में पाकिस्तान ने कुल 4 मैच खेले थे. वहीं, भारत के घर में पिछली बार 2012-13 में पाकिस्तान टीम द्विपक्षीय सीरीज खेलने आई थी. तब पाकिस्तान ने 3 वनडे की सीरीज में 2-1 से मेजबान देश को हराया था.