Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
उज्जैन4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
पुलिसकर्मियों की तैनाती के बावजूद चौराहों पर लोगों की आवाजाही बनी रही।
जनता कर्फ्यू की पहली सुबह पुलिस को काफी मशक्कत करना पड़ी। सड़कों पर लोग रोज की तरह निकल पड़े थे लेकिन पुलिस ने रोका-टोकी शुरू की। आवश्यक सेवा वाले लोगों को छोड़ा। मेडिकल और टीका लगाने वालों को भी जाने दिया। पुलिस को इसके लिए काफी मशक्कत करना पड़ी। तगड़ी बेरिकेडिंग के कारण लोगों को लंबे रास्ते से आना-जाना पड़ रहा था। पुलिस ने बेवजह निकले लोगों को बैरंग लौटाया। इसके लिए उन्हें लाठियां भी दिखानी पड़ी। सुबह की मशक्कत का असर था कि दोपहर से शाम तक सड़कों पर बहुत कम लोग दिखाई दिए।
सुबह महाकाल के शिखर दर्शन के लिए भी लोग इधर-उधर से पहुंच जाते थे लेकिन बुधवार को उन्हें मौका कम मिला। नवरात्रि की नवमी होने के बावजूद देवी मंदिरों पर भी सन्नाटा छाया रहा। बस्तियों में सुबह की हलचल पहले की तरह थी। लोग निकले लेकिन सब्जी और किराना की दुकानें बंद होने, फल-सब्जी के ठेले नहीं आने से उन्हें किल्लत का सामना करना पड़ा।
हालांकि दूध डेरियां और फेरी वालों को छूट होने से दूध की कमी नहीं रही। सभी बाजार सिरे से बंद होने से लोगों ने भी घर में रहना ठीक समझा। चौराहों और रास्तों पर बेरिकेडिंग के साथ पुलिस जवान मौजूद थे। दोपहर में उन्होंने प्रमुख रास्तों पर बेरिकेडिंग खुली रखी। वहां से आने जाने वालों पर निगाह रखे थे। दिनभर मेडिकल स्टोर्स, पैथालॉजी लैब्स और अस्पतालों के आसपास लोग मौजूद थे।
मेडिकल स्टोर्स पर लोग स्वयं ही डिस्टेंसिंग के साथ खड़े दिखाई दिए। शवयात्राएं वाहनों में निकली जिनमें गिने-चुने लोग ही दिखे। शिप्रा के घाटों पर भी सन्नाटा छाया रहा। शहर की सीमाएं लॉक करने की घोषणा के चलते बाहर से क्रियाकर्म के लिए आने वाले लोग नहीं आए।
किराना होम डिलीवरी कल से
शहर में गुरुवार को भी सब्जी और किराना की किल्लत रहेगी। नगर निगम ने शुक्रवार से किराना की होम डिलीवरी व सब्जी के ठेलों को शुरू करने की तैयारी की है। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के अनुसार गुरुवार को इन्हें अनुमति पत्र दे दिए जाएंगे। किराना व्यापारियों की बैठक लेकर उन्हें व्यवस्था की जानकारी दे दी है। उनका होम डिलीवरी का समय तय रहेगा। वे गुरुवार को सूची देंगे। अनुमति पत्र मिलने के बाद वे होम डिलीवरी कर सकेंगे। होम डिलीवरी करने वाले व्यापारियों की सूची सार्वजनिक की जाएगी।
सब्जी के ठेले चलेंगे, थोक मंडी की नई व्यवस्था
निगम द्वारा सब्जी विक्रेताओं को भी गुरुवार को अनुमति पत्र दिए जाएंगे। अनुमति वाले दुकानदार ठेले से अपने वार्डों में घूमकर सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक सब्जी बेच सकेंगे। चिमनगंज स्थित थोक मंडी में आलू, प्याज और लहसुन की बिक्री अलग होगी तथा सब्जी की अलग। फलों की थोक बिक्री मोहननगर से होगी। जामा मस्जिद क्षेत्र पूरी तरह बंद रहेगा। सब्जी की नीलामी जाल सेवा ग्राउंड में भी होगी। ठेला व्यापारी कहीं खड़े होकर बिक्री करते पाए गए तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।