- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- Uproar Over Non injection, Drug Inspector Cordoned Off, Not Allowed To Enter Control Command Center
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- रात तक इंजेक्शन के लिए कलेक्टोरेट पर लगी रही भीड़
मंगलवार शाम को रेमडेसिविर इंजेक्शन को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। जब लोगों को इंजेक्शन नहीं मिले तो ड्रग इंस्पेक्टर के ऑफिस में जाकर हंगामा किया। पर वहां वह नहीं थे। इसके बाद आक्रोशित लोग कन्ट्रोल कमांड सेंटर पहुंचे। यहां ड्रग इंस्पेक्टर को घेर लिया। उनको अंदर नहीं जाने दिया गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बुलाना पड़ा। इसके बाद सभी को बताया गया कि उनको इंजेक्शन कलेक्टोरेट से मिलेंगे। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। मंगलवार सुबह काफी मात्रा में रेमडेसिविर इंजेक्शन ग्वालियर आए हैं। इसलिए अधिकारी लोगों को आश्वासन दे रहे हैं कि उनकी डिमांड पूरी हो जाएगी।
मंगलवार को विशेष विमान से रेमडेसिविर इंजेक्शन की एक खेप ग्वालियर आई है। हंगामा न हो इसलिए प्रशासन ने कितने इंजेक्शन आए हैं यह खुलासा नहीं किया है। पर जैसे ही सोशल मीडिया पर रेमडेसिविर इंजेक्शन की खेप आने की सूचना मिली कलेक्टोरेट पर काफी संख्या में लोग पहुंच गए। कई तो चार-चार दिन से इंजेक्शन आने का इंतजार कर रहे थे। पर कलेटोरेट पहुंचे तो वहां ड्रग इंस्पेक्टर दिलीप अग्रवाल अपने कैबिन में नहीं मिले। यह देखकर लोग भड़क गए। कई लोगों ने तो खाली ऑफिस के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डाल दिए। लोगों का कहना था कि इंजेक्शन देना नहीं है तो ड्रग इंस्पेक्टर भाग गए। इसके बाद यही लोग स्मार्ट सिटी के कन्ट्रोल कमांड सेंटर पर पहुंच गए। यहां कुछ ही देर में ड्रग इंस्पेक्टर दिलीप अग्रवाल भी पहुंचे। लोगों ने उनको घेर लिया। पहले उनके साथ अभद्रता की और अंदर जाने से भी रोक लिया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को संभाला। यहां लोगों को बताया कि कलेक्टोरेट से ही उनको इंजेक्शन मिलेंगे इसलिए पहले पर्चे जमा करने होंगे। इसके बाद आक्रोशित लोगों का गुस्सा शांत हुआ और वह कलेक्टोरेट पहुंचे। रात तक वहां काफी भीड़ लगी थी।