- Hindi News
- Local
- Mp
- Madhya Pradesh Coronavirus News; Bhopal Hamidia Hospital Superintendent Audio Goes Viral, Do Not Discharge COVID Patient
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मध्य प्रदेशकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
हमीदिया अस्पताल के अफसर द्वार जारी सेलीब्रेशन इवेंट का पत्र, जो उनकी सफाई को झुठला रहा है।
मध्यप्रदेश में कोराेना संक्रमितों को एक-एक बेड के लिए भटकना पड़ रहा है। अस्पताल की दहलीज पर मरीज दम तोड़ रहे हैं तो दूसरी तरफ सरकार और उसके नुमाइंदे असंवेदनशीलता की हदें पार करने पर उतारू हैं। मामला भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज (हमीदिया अस्पताल) का है। यहां के एक अफसर का ऑडियो और पत्र सामने आया है। इन दोनों को उन्होंने विभागीय ग्रुप में डालकर डॉक्टर्स को निर्देश दिए कि नॉन ऑक्सीजन (सामान्य ) बेड के स्वस्थ हो चुके मरीजों को आज (शुक्रवार) और कल (शनिवार) को डिस्चार्ज ना करें। रविवार को सेलीब्रेटिंग इवेंट करके लॉट में मरीज डिस्चार्ज किया जाएगा।
इसमें वे यह निर्देश भोपाल के कमिश्नर कविंद्र कियावत के हवाले से देना बता रहे हैं। इसे लेकर अधीक्षक ने एक पत्र भी 30 अप्रैल को जारी किया है। इसमें मरीजों को डिस्चार्ज करने वक्त सेलीब्रेशन इंवेट आयोजित करने कहा गया है। डॉक्टर्स के अलावा पैरामेडिकल स्टॉप को मरीजों की देखभाल करने के बजाय फल-फूल से लेकर पानी की बोतल का इंतजाम करने को कहा गया है।
जब भास्कर ने सवाल पूछा तो अफसर सेलीब्रेशन की बात मानने लगे। लेकिन ऑडियो सुप्रीडेंट लोकेंद्र दवे का है, इस पर टालमटोल करने लगे। डीन जितेंद्र शुक्ला ने ऑडियो सुनने से ही इनकार कर दिया तो अधीक्षक लोकेंद्र दवे ने यह बात करते ही फोन बंद कर लिया।
पढ़िए असंवेदनशीलता के शब्द…
ऑडियो में सुप्रीडेंट कहते हैं कि- सभी कंसल्टेंट व आरएमओ आग्रह है कि उच्च कार्यालयों से मिले निर्देश के अनुसार आज (शुक्रवार) और कल (शनिवार) को नॉन आक्सीजन बेड के मरीजों को डिस्जार्च को होल्ड करना है। रविवार को सेलीब्रेटिंग इवेंट करके लॉट में मरीज डिस्चार्ज करना है ताकि समाज में एक सकारात्मक संदेश जाए कि लोग ठीक होकर अस्पतालों से घर जा रहे हैं।
लोगों में जो मायूसी और निराशा आ रही है, उसके प्रति संवदेनशीलता बरतते हुए प्रशासन ने आग्रह किया है इस तरह का कोई काम किया जाए। इसलिए आज और कल स्वस्थ हुए मरीजों को डिस्चार्ज ना करें। रविवार को एक साथ सभी को डिस्चार्ज करने का निर्देश भोपाल कमिश्नर ने दिया है। सभी को इस निर्देश का पालन करना है।
अधीक्षक बोले- हम तो ऊपर वालों के आदेश का पालन कर रहे हैं
इस ऑडियो को लेकर हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक डा. लोेकेंद्र दवे से दैनिक भास्कर ने बात की तो उन्होंने कहा कि जो मरीज ऑक्सीजन बेड पर ठीक हो गए हैं और घर जाने की स्थिति में हैं। उनको एक दिन नॉन ऑक्सीजन बेड पर रखने का प्रस्तावित किया है। इसमें किसी के साथ कोई जोर जबरदस्ती नहीं हैं। रविवार को लोगों में कोरोना को हराने के हौसले को बढ़ाने के लिए मरीजों को डिस्चार्ज करने का कार्यक्रम किया जाएगा। यह उच्च कार्यालय के आदेश के पालन मे किया जा रहा है।
डीन बोले- मैंने तो डिस्चार्ज करने को कहा है
डीन जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि नहीं ऐसा नहीं है। जो डिस्चार्ज होना है वो तो होंगे। मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा था, न निर्देश दिए। चिट्ठी के सवाल पर भी वे टाल गए।
गांधी मेडिकल कॉलेज डीन के निर्देश
– डा. अभिषेक जैन डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की सूची तैयार कर कंसल्टेंट इंचार्ज और अधीक्षक को देंगे।
– डा. अरुण माथुर और राहुल मिश्रा डिस्चार्ज होने वाले मरीजों को दवाएं, मास्क और सेनेटाइजर वितरित करेंगे।
– केके कोष्टा और इमतियाज सजावट के लिए फल और फूल का इंतजाम करेंगे।
– कार्यक्रम का संचालन अधीक्षक करेंगे।
– पानी की बोतलों की जिम्मेदारी कंप्यूटर ऑपरेट विनोद की रहेगी।
– मीडिया अरेंजमेंट और फोटाे खींचने और वीडियो रिकार्डिंग की जिम्मेदारी बुद्धेश्वर व बैंज को सौंपी गई है।
– डिस्चार्ज सेरेमनी के लिए सॉन्ग और म्यूजिक का चयन अधीक्षक करेंगे।