आरसीबी की यह दूसरी हार है (फोटो: pti)
IPL 2021, PBKS vs RCB Highlights: इस जीत के बाद पंजाब छह अंक लेकर पांचवें स्थान पर है जबकि आरसीबी दस अंक लेकर तीसरे स्थान पर है.
पंजाब के लिये राहुल और क्रिस गेल ( 24 गेंद में 46 रन ) ने 80 रन की साझेदारी की, लेकिन इनके अलावा मध्यक्रम के बल्लेबाज नहीं चल सके. सातवें नंबर पर उतरे बरार की इन दोनों के अलावा दोहरे अंक तक पहुंच पाये.
राहुल और बरार ने आठवें विकेट की नाबाद साझेदारी में 61 रन जोड़े. गेल के 11वें ओवर में आउट होने के बाद आरसीबी के गेंदबाजों ने दबाव बना दिया था.
राहुल ने 57 गेंद की अपनी पारी में सात चौके और पांच छक्के लगाये. वहीं बरार ने 17 गेंद में दो छक्कों और एक चौके की मदद से 25 रन बनाये.
डेनियल सैम्स और मोहम्मद सिराज ने शुरुआती ओवरों में पंजाब के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया. चोटिल मयंक अग्रवाल की जगह उतरे प्रभसिमरन सिंह ने राहुल के साथ पारी का आगाज किया, लेकिन सात रन बनाकर आउट हो गए.
राहुल आत्मविश्वास से भरे लग रहे थे लेकिन रन आसानी से नहीं बन रहे थे. गेल ने इसके बाद जैमीसन के डाले पावरप्ले के एक ओवर में पांच चौके लगाकर दबाव तोड़ा.
इसके बाद अगले ओवर में युजवेंद्र चहल को दो छक्के लगाकर रनगति बढाई. वह हालांकि अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके.
जैमीसन ने उन्हें विकेट के पीछे एबी डिविलियर्स के हाथों लपकवाया. उन्होंने निकोलस पूरन (0) को भी रवाना किया, जबकि दीपक हुड्डा ( 5 ) और शाहरुख खान (0) भी टिक नहीं सके. पंजाब ने आखिरी दो ओवरों में 22 रन बनाये जब राहुल ने हर्षल पटेल को दो चौके और एक छक्का जड़ा और बरार ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाया.
वहीं आरसीबी की तरफ से कप्तान विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 35 रन बनाए. उनके अलावा रजत पाटीदार और हर्षल पटेल ने 31 31 रन की पारी खेली.