नई दिल्ली: पंजाब किंग्स (Punjab Kings) को अपने आखिरी आईपीएल (IPL) मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. हालांकि इस मैच में पंजाब के कप्तान मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) ने नाबाद 99 रनों की एक बेहतरीन पारी खेली. टीम के नियमित कप्तान केएल राहुल (KL Rahul) मैच से ठीक पहले पेट में दर्द की शिकायत के बाद बहार हो गए थे.
पूरे आईपीएल से बाहर हो सकते हैं राहुल
पंजाब किंग्स के नियमित कप्तान राहुल (KL Rahul) को आंत्रपुच्छ (अपेंडिसाइटिस) के उपचार के लिए सर्जरी की जरूरत है. उनके जल्द ही टीम से जुड़ने की संभावना कम है लेकिन टीम ने उम्मीद जताई कि मुंबई के अस्पताल में सर्जरी के बाद वह एक हफ्ते से 10 दिन के भीतर वापसी करेंगे. इंडियन प्रीमियर लीग का आयोजन जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में हो रहा है और अगर राहुल को छूट नहीं मिलती है तो उन्हें फिर क्वारंटाइन से गुजरना होगा और ऐसी स्थिति में वह 30 मई को खत्म होने वाले टूर्नामेंट से संभवत: पूरी तरह बाहर हो सकते हैं.
क्या गेल और मलान करेंगे ओपनिंग?
अग्रवाल (Mayank Agarwal) से जब पूछा गया कि क्या आने वाले मैचों मे केएल राहुल (KL Rahul) की गैरमौजूदगी में आक्रामक बल्लेबाज क्रिस गेल या डेविड मलान के उनके साथ पारी का आगाज करने की संभावना है तो उन्होंने कहा कि इस बात पर अभी कोई चर्चा नहीं की गई है. अग्रवाल ने कहा, ‘यह (गेल या मलान से पारी का आगाज कराना) ऐसी चीज है जिसके बारे में हमें बात करनी होगी लेकिन इस समय हम अपनी रणनीति पर चल रहे हैं और हमने ठीक ठाक स्कोर खड़ा किया. शायद हमने 10 रन कम बनाए.’
मोइजेस हैनरिक्स को मिलेगा मौका?
प्लेयिंग 11 में विदेशी खिलाड़ियों में बदलाव करके मोइजेस हैनरिक्स जैसे आलराउंडर को नियमित मौका देकर टीम को संतुलन देने के बारे में पूछने पर अग्रवाल ने कहा, ‘इस बारे में हम भविष्य में विचार करेंगे. दिल्ली की बल्लेबाजी को देखते हुए हमें विकेट हासिल करने के लिए बेहतर गेंदबाजी करनी थी जो हम नहीं कर पाए. हम गेंदबाजों का समर्थन करते हैं कि वे हमारे लिए ऐसा करेंगे.’