शिखर धवन ने नाबाद 69 रन की पारी खेली (PC: PTI)
IPL 2021 DC vs PBKS Highlights: आईपीएल के 29वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 7 विकेट से मात दी. पंजाब के मयंक अग्रवाल की 99 रन की पारी पर शिखर धवन की पारी भारी पड़ गई.
दिल्ली के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य था, लेकिन सलामी बल्लेबाज विशेषकर शॉ शुरू से हावी हो गये. पावरप्ले का आखिरी ओवर करने के लिये उतरे क्रिस जॉर्डन को भी शॉ ने यही सबक सिखाया जिससे दिल्ली पहले छह ओवरों में ही 63 रन तक पहुंच गया. हरप्रीत बरार ने हालांकि इसके तुरंत बाद खूबसूरत गेंद पर शॉ का मिडिल स्टंप थर्राकर पंजाब को बड़ी राहत दिलायी.
धवन और स्टीव स्मिथ (22 गेंदों पर 25) ने इसके बाद स्ट्राइक रोटेट करके स्कोर बोर्ड को गतिमान रखा. इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिये 48 रन जोड़े. स्मिथ ने रिले मेरेडिथ की गेंद पर डीप मिडविकेट पर खड़े डेविड मलान को आसान कैच थमाया जिससे यह साझेदारी टूटी.
धवन ने लेग स्पिनर रवि बिश्नोई पर डीप मिडविकेट पर छक्का लगाकर आईपीएल में अपना 44वां अर्धशतक पूरा किया. शमी अपना अगला स्पैल करने आये तो ऋषभ पंत (14) ने छक्के से उनका स्वागत किया. पंत ढीला शॉट खेलकर पवेलियन लौट गये, लेकिन शिमरोन हेटमायर (चार गेंदों पर नाबाद 16) ने मेरेडिथ के अगले ओवर में लगातार दो छक्के और चौका लगाकर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया.
इससे पहले पंजाब किंग्स को शीर्ष क्रम में राहुल की कमी खली. केएल राहुल अपेंडिसाइटिस के कारण अगले कुछ मैचों में टीम की अगुआई नहीं कर पाएंगे. कगिसो रबाडा (36 रन देकर तीन विकेट) ने इसका फायदा उठाकर पहले प्रभसिमरन सिंह (16 गेंदों पर 12) और फिर उनका स्थान लेने के लिये उतरे क्रिस गेल (नौ गेंदों पर 13) को आउट कर दिया.
पंजाब पावरप्ले में दो विकेट पर 39 रन ही बना पाया. रबाडा की तेज गति की गेंद ने गेल का मिडिल स्टंप थर्राकर इन दोनों महारथियों के बीच जंग में बाजी मारी. मयंक और आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे डेविड मलान पर दिल्ली के स्पिनरों अक्षर पटेल और ललित यादव ने लगाम लगाये रखी.
निकोलस पूरण की जगह टीम में लिये दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज मलान केवल 26 रन बना पाये. उन्होंने इशांत शर्मा पर छक्का लगाया लेकिन अक्षर पर लंबा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गये.
दीपक हुड्डा रन आउट हो गये, जिससे पंजाब की परेशानी बढ़ गयी. पंजाब का स्कोर 14वें ओवर तक चार विकेट पर 90 रन था. इसके बाद मयंक ने अपना असली जलवा दिखाया. उन्होंने रबाडा पर मिडविकेट पर छक्का लगाया और फिर इशांत की गेंद चौके के लिये भेजकर अपना अर्धशतक पूरा किया.
मयंक को शतक पूरा करने के लिये आवेश खान की पारी की अंतिम गेंद पर छक्के की जरूरत थी, लेकिन वह चौका ही लगा पाये. इससे पहले की दो गेंदों पर उन्होंने चौका और छक्का लगाया था. वह आईपीएल में छठे बल्लेबाज हैं जिनकी पारी 99 रन पर समाप्त हुई.