- Hindi News
- Local
- Mp
- Sagar
- 10 Thousand Bill For 1 Day Recruitment In Private Hospitals, Treatment Being Done Only After Giving 50 Thousand Advance
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
सागर3 घंटे पहलेलेखक: अतुल तिवारी
- कॉपी लिंक
बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती होने के इंतजार में इस तरह से फर्श पर घंटों लेटे रहे हैं।
- चारों बड़े हॉस्पिटल में कोविड पेशेंट के लिए 3500 से कम में बेड नहीं, प्राइवेट वार्ड का चार्ज 8 हजार रुपए, मरीज के रात में आने पर भी वसूल रहे पूरे दिन का चार्ज
कोविड महामारी के इस दौर में भी निजी अस्पतालों में लूट मची हुई है। मरीजों के परिजनों से एक मोटी रकम एडवांस जमा कराकर ही पेशेंट को एडमिट किया जा रहा है। शहर के चार बड़े निजी अस्पतालों में कोविड मरीज के इलाज का एक दिन का खर्च 12 से 15 हजार रुपए है। अस्पताल मरीज को तभी एडमिट कर रहे हैं। जब परिजन उसके इलाज में पांच दिन में खर्च होने वाली राशि करीब 50 हजार रुपए एडवांस जमा कर दें। मरीज के रात में आने पर भी पूरे दिन का चार्ज वसूला जा रहा है।
इतना ही नहीं कुछ निजी अस्पतालों में स्थिति यह है कि यदि मरीज शाम 5 बजे से पहले डिस्चार्ज नहीं हुआ और इसके बाद हुआ तो उससे पूरे एक दिन का अतिरिक्त चार्ज लिया जा रहा है। कोविड संक्रमितों को यदि सरकारी अस्पतालों में बेड नहीं मिला और परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए तो वहां जनरल वार्ड में भी बेड का चार्ज 4 से 5 हजार रुपए है। सागर श्री और राय हॉस्पिटल में 5-5 हजार रुपए, चैतन्य और भाग्योदय में जनरल वार्ड में बेड का चार्ज 4-4 हजार रुपए लिया जा रहा है। तो वहीं सेमी प्राइवेट व आईसीयू में बेड का चार्ज 6 से 7 हजार रुपए और प्राइवेट वार्ड में एक दिन का बेड का चार्ज 8 से 9 हजार रुपए है।
चैतन्य अस्पताल में जमा कराया एडवांस
चैतन्य अस्पताल द्वारा एडवांस राशि जमा कराने को लेकर मरीजों के परिजनों से इस तरह सहमति पत्र भरवाया जा रहा है।
पीपीई किट से लेकर नर्सिंग, हाउसकीपिंग का चार्ज अलग
ये सारे चार्ज तो इन अस्पतालों में एक दिन के सिर्फ बेड और वार्ड के हैं। इनके अलावा पेशेंट के परिजनों से पीपीई किट, ऑक्सीजन, थैरेपी, डाइटिशियन, फूड, मॉनीटर, हाउसकीपिंग, नर्सिंग और डॉक्टर की इमरजेंसी विजिट का चार्ज अलग से ले रहे हैं। इस तरह पेशेंट को एक दिन का चार्ज 12 से 15 हजार रुपए लग रहा है। यदि पेशेंट हफ्ते भर ही एडमिट हो जाता है। तो बिल लाखों में बन रहा है।
भाग्योदय की तुलना में राय हॉस्पिटल में चार्ज दोगुना, एक दिन के लग रहे 7000 रुपए
यदि कोविड मरीज के वेंटिलेटर तक पहुंचने की नौबत आ जाती है। तो चैतन्य व भाग्योदय में वेंटिलेटर का चार्ज राय और सागरश्री हॉस्पिटल की तुलना में कम है। भाग्योदय में एक दिन का 3600 रुपए, चैतन्य में 5000, सागरश्री में 6000 और राय हॉस्पिटल में 7000 हजार रुपए है। भाग्योदय की तुलना में राय हॉस्पिटल में एक दिन के वेंटिलेटर का चार्ज दोगुना है। मरीज से हाई फ्लो ऑक्सीजन के 300 और लो फ्लो ऑक्सीजन के 150 रुपए प्रतिघंटे अलग से लिए जा रहे हैं।
जानकारी छिपा रहे, चैतन्य व राय अस्पताल में जांचों के रेट सार्वजनिक नहीं किए
कलेक्टर ने कुछ दिन पहले एक आदेश जारी कर सभी निजी अस्पतालों को बेड, वार्ड व सभी तरह की जांचों के रेट सार्वजनिक करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सागरश्री और भाग्योदय अस्पताल ने जांच के रेट तो सार्वजनिक कर दिए, लेकिन चैतन्य व राय में जांचों के रेट सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। चैतन्य के गेट के पास वार्ड व बेड के रेट का बोर्ड भी नहीं लगा है। सिर्फ काउंटर के पास सूची चस्पा की गई है। जिसमें जांचों के रेट नहीं है। राय हॉस्पिटल में भी जांच के रेट सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
निजी अस्पताल में चेक करवाता हूं
निजी हॉस्पिटल कोविड पेशेंट से पांच-पांच दिन का एडवांस जमा करवाने के बाद ही यदि एडमिट कर रहे हैं। तो मैं इसे आज ही चेक करवाता हूं। पेशेंट को जब डिस्चार्ज किया जा रहा है। तब तक ही चार्ज लिया जाए। अतिरिक्त चार्ज लिए जाने की यदि शिकायत मिलती है तो कार्रवाई करेंगे।
– मुकेश शुक्ला, कमिश्नर