सुरेश रैना ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह कढ़ी बनाते नजर आ रहे हैं.
नई दिल्ली. पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना (Suresh Raina) आईपीएल-2021 स्थगित होने के बाद अपने घर लौट गए हैं. उन्होंने गुरुवार को एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया जिसमें वह कढ़ी बनाते दिख रहे हैं. रैना ने साथ ही बताया कि उन्होंने इसको बनाने का तरीका अपनी दीदी से सीखा है. घातक कोरोना वायरस की दूसरी लहर के बीच भारत में आईपीएल के 14वें सीजन को 29 मैचों के बाद अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया. इसी के कारण क्रिकेटर अपने-अपने घरों को लौट रहे हैं. आईपीएल की चार फ्रेंचाइजी में कोविड-19 मामलों के आने के बाद मंगलवार को 14वें सीजन को स्थगित कर दिया गया था. इसके बाद कई क्रिकेटर अपने-अपने घर लौट गए. इस लीग के मौजूदा सीजन में 29 मैच खेले गए लेकिन बाद में कोरोना वायरस के आगे बीसीसीआई को घुटने टेकने पड़े. टीम स्टाफ के कुछ सदस्यों के साथ-साथ खिलाड़ियों के कोविड-19 पॉजिटिव आने के बाद इस लीग को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करना पड़ा.
इसे भी पढ़ें, कोविड से जंग, गांगुली के करीबी क्रिकेटर ने दान की IPL से मिली पूरी फीस दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली आईपीएल टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के धुरंधर बल्लेबाज रैना भी सुरक्षित अपने घर पहुंच गए हैं. रैना अब एक अच्छे पति और बेटे की भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने एक वीडियो शेयर किया जिसमें वह किचन में कढ़ी बनाते नजर आ रहे हैं. कढ़ी बनाने की यह रेसिपी उन्होंने अपनी दीदी से सीखी है, जिसके बारे में उन्होंने कैप्शन में बताया. इसके अलावा वह फैंस से अपने-अपने घरों में सुरक्षित रहने की अपील भी कर रहे हैं. उनके इस वीडियो को काफी पसंद किया जा रहा है और अब तक 3.5 लाख से ज्यादा लाइक मिल चुके हैं.
‘मिस्टर आईपीएल’ से मशहूर रैना ने लीग के मौजूदा सीजन में 7 मैच खेले और कुल 123 रन बनाए जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है. उन्होंने अपने आईपीएल करियर में अब तक कुल 200 मैच खेले हैं और एक शतक, 39 अर्धशतकों की मदद से कुल 5491 रन बनाए हैं. लीग में उनका स्ट्राइक रेट 136 के करीब का है.