- Hindi News
- Local
- Mp
- Ratlam
- Two Mud Pumps Landed In Dholavad Dame Because Water Descended From Jackwell’s Pipe, Will Be Operational This Week
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
रतलाम5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जैकवेल से नीचे चला गया है धोलावड़ डैम का पानी। इनसेट-जैकवेल के तले में लगे पाइप तक अब आधा ही पानी रह गया है। फोटो-हिम्मत लखेरा, रावटी
- सोमवार को नगर निगम के जलप्रदाय अमले ने दो मड पंप चलाकर टेस्टिंग भी कर ली
धोलावड़ डेम में नगर निगम ने दो मड पंप उतार दिए हैं। सोमवार को इनकी टेस्टिंग भी कर ली गई है। यह नौबत इसलिए आई है क्योंकि नए इंटकवेल से फरवरी में ही नीचे उतर चुका डेम का पानी अब कभी भी इससे 500 मीटर आगे बने जैकवेल से भी दूर जा सकता है। ऐसे में ऐनवक्त पर भागादौड़ी न करना पड़े इसलिए जलप्रदाय अमले ने रविवार को ही मड पंप जैकवेल के आगे पानी में डाल दिए हैं। दो-तीन दिन में इन्हें चालू करना पड़ सकता है।
वर्तमान में 33-34 एमएलडी पानी की जरूरत है, इसके मुकाबले नई व पुरानी दोनों लाइनों को मिलाकर 32 से 33 एमएलडी पानी मिल रहा है। नगर निगम के 750 ट्यूबवेल से कमी की भरपाई हो रही थी परंतु जलस्तर नीचे गिरने व अन्य कारणों से 40 से ज्यादा हैंडपंप व ट्यूबवेल बंद हो चुके हैं।
राहत वाली बात यह है कि धोलावड़ डैम में अभी 385.05 मीटर पानी भरा है। डेड स्टोरेज 380 मीटर का है, यानी अभी 5 मीटर पानी इस्तेमाल लायक बचा है। जल संसाधन विभाग के अनुसार इतना पानी तीन से चार माह चल जाएगा। चिंता तेजी से घटते जल स्तर की है।
सिंचाई के लिए नहरों में पानी छोड़ना फरवरी अंत में ही बंद कर दिया गया था। बावजूद इसके दो माह से डेम का जलस्तर 1.2 मीटर की औसत से घट रहा है। तापमान बढ़ने से इसकी रफ्तार और बढ़ेगी क्योंकि पानी का वाष्पीकरण तेज होगा।
ज्वाइंट तो ठीक हो गया लेकिन पटरी शाम को ही बंट रहा पानी
दो दिन पहले गोशाला चौराहे पर लीकेज हुए ज्वाइंट को जलप्रदाय अमले ने दुरुस्त कर दिया है। इसके बाद नई पाइप लाइन से सप्लाई भी शुरू कर दी है जिससे खटीक मोहल्ले, राजेंद्र नगर, हरिजन बस्ती तक भरपूर पानी पहुंचने लगा है।
दिक्कत पटरी पार इलाकों में है जहां दस दिन से सुबह 6 से 10 बजे की बजाय शाम 4 से 8 बजे के बीच सप्लाई जा रही है। शेड्यूल में लाने के लिए ब्रेक लेना पड़ेगा। हालांकि लोगों की परेशानी देख ऐसा नहीं कर रहे। स्थिति सामान्य होने के बाद ब्रेक लेकर सप्लाई शेड्यूल में लाई जाएगी।
जैकवेल के तले में डला पाइप भी दिखाई देने लगा था। शहर की पानी सप्लाई में दिक्कत न हो इसलिए रविवार को मड पंप जैकवेल के आगे पानी में उतार दिए थे। सोमवार को टेस्टिंग भी कर ली है। अब जब भी जरूरत होगी, पंप चालू कर देंगे। सत्यप्रकाश आचार्य, इंजीनियर जलप्रदाय