- Hindi News
- Sports
- Olympic Medalist Sushil Kumar Non bailable Warrant Issued In Case Of Sagar Rana Murder At Chhatrasal Stadium
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
नई दिल्लीकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक
भारतीय पहलवान सुशील कुमार ने 2012 के लंदन ओलिंपिक में सिल्वर और 2008 बीजिंग ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
दो बार के ओलिंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो गया है। दिल्ली पुलिस सुशील को तलाश रही है। सुशील पर पूर्व जूनियर नेशनल चैम्पियन 23 साल के सागर की हत्या और छत्रसाल स्टेडियम में हुई झड़प में शामिल होने का आरोप है। उनके खिलाफ FIR भी दर्ज की गई थी।
मामले में दिल्ली पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से सुशील लापता हैं। सुशील के साथ मामले में आरोपी सभी लोगों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ है।
क्या है पूरा मामला?
मामला दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में छत्रसाल स्टेडियम का है। बताया जा रहा है कि यह झगड़ा प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुआ। सागर और उसके दोस्त जिस घर में रहते थे, सुशील उसे खाली करने का दबाव बना रहे थे। इसी को लेकर मंगलवार देर रात स्टेडियम के अंदर पहलवानों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इसमें 5 पहलवान जख्मी हो गए। इनमें से एक सागर (23) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल का बेटा था।
स्टेडियम के पार्किंग एरिया में फायरिंग हुई
पुलिस के मुताबिक, घटना रात में 1.15 से 1.30 के बीच स्टेडियम के पार्किंग एरिया में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां 5 गाड़ियां खड़ी मिलीं। सागर और उसके 4 अन्य पहलवान साथियों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें सोनू (37), अमित कुमार (27) और 2 अन्य पहलवान शामिल थे।
घटनास्थल से डबल बैरल गन और कारतूस मिले
पुलिस को घटनास्थल से 5 गाड़ियों के अलावा एक लोडेड डबल बैरल गन और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि वे सुशील कुमार की भूमिका की जांच कर रहे, क्योंकि उन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल प्रिंस दलाल समेत दो पहलवानों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
सुशील ने आरोपों से इनकार किया
इससे पहले सुशील ने मामले में सफाई दी थी। उन्होंने कहा कि वह हमारे साथी पहलवान नहीं थे। घटना देर रात हुई। हमने पुलिस अधिकारियों को सूचित किया था कि कुछ अज्ञात लोग हमारे परिसर में घुसकर झगड़ा कर रहे हैं। घटना के साथ हमारे स्टेडियम का कोई संबंध नहीं है। सुशील ने 2012 के लंदन ओलिंपिक में सिल्वर और बीजिंग ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।