ये कोविड वॉर्ड 80 लाख रुपये में बनाया गया था
भोपाल. तूफान ताऊ ते के कारण मध्य प्रदेश में भी कई जगह बारिश हो रही है. लेकिन राजगढ़ में तो गज़ब ही हो गया. इस ज़रा सी बारिश (Rain) में यहां ज़िला अस्पताल के कोविड-19 वार्ड (Covid ward) में छत से इतना पानी टपका कि पूरे वार्ड में भर गया. ये कोविड वॉर्ड 80 लाख रुपये खर्च करके बनाया गया था. अब मामले की जांच एक कमेटी कर रही है. जिसे पहली ही नज़र में यहां की सारी पोल नज़र आ गयी. राजगढ़ कलेक्टर नीरज कुमार ने पूरे मामले की जांच के लिए एडीएम कमल नागर के नेतृत्व में जांच टीम बनायी. टीम ने जब मौके पर जाकर जायजा लिया तो उसे पहली ही नजर में निर्माण कार्य में हुई असलियत समझ आ गयी. वॉर्ड तैयार होने में 80 लाख रुपये खर्च भी हो गए और काम सबके सामने है. टीम अब रिपोर्ट तैयार कर सरकार को सौंपेगी. शुरुआती तौर पर जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट में संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एक्शन लेने, मेंटेनेंस कराने और पेमेंट रोकने समेत पेनाल्टी लगाने की सिफारिश करने की तैयारी कर ली है.
दिग्विजय सिंह ने ठेकेदार पर उठाए सवाल राजगढ़ के कोविड-19 वार्ड में पानी टपकने पर पूर्व सीएम और कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने ट्वीट कर कोविड-19 वार्ड तैयार करने वाले ठेकेदार के काम पर सवाल उठाया हैं. दिग्विजय सिंह ने कहा पूरे प्रदेश में कोविड-19 का ठेका एक ही व्यक्ति को दिया गया है. आपदा में भ्रष्टाचार का अवसर तलाशा जा रहा है. दिग्विजय सिंह ने कोविड-19 वार्ड की मरम्मत तत्काल कराने और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
लक्ष्मण सिंह ने डोनेट की अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी दिग्विजय सिंह के भाई और चाचौड़ा से कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने आज अपनी 40 लाख की फॉर्च्युनर गाड़ी चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में मरीजों के इस्तेमाल के लिए सौंप दी. इसे एंबुलेंस के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा. लक्ष्मण सिंह चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में एंबुलेंस की कमी को लेकर सरकार से कई बार गुहार लगा चुके थ. लेकिन जब सरकार ने उनकी नहीं सुनी तो उन्होंने अपनी गाड़ी की चाभी डॉक्टरों को सौंप दी.