आगर-मालवा की सुसनेर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की प्रशंसा करते नजर आ रहे हैं और कह रहे हैं कि वे कांग्रेसी होते हुए भी संघ से जुड़े हैं।
.
इस वीडियो को लेकर बीजेपी ने तंज कसते हुए इसे एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शेयर किया है और राहुल गांधी को टैग करते हुए लिखा है कि “जिस संघ को राहुल गांधी दिन-रात कोसते हैं, उसी संघ से कांग्रेस के विधायक जुड़े हुए हैं और उसकी प्रशंसा कर रहे हैं।”
बीजेपी ने राहुल गांधी को सलाह दी कि “अब नींद से जागिए और अपनी पार्टी में स्लीपर सेल और ‘घोड़े’ मत ढूंढिए।”
राजपूत महासभा के मंच से दिया संघ प्रेम का बयान
कांग्रेस विधायक परिहार राजपूत महासभा के एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। अपने उद्बोधन में उन्होंने महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को संबोधित करते हुए कहा:
‘आप भी संघ से जुड़े हुए हैं, मैं आपका सम्मान करता हूं। मैं भी संघ से जुड़ा हुआ हूं। कांग्रेसी होते हुए भी संघ से जुड़ा हूं। संघ के लिए मैंने काम किया है। पहले संघ के एक कार्यक्रम में आया था, मुख्यमंत्री भी थे।मैंने कई पदाधिकारियों के साथ मिलकर काम किया है। दो साल पहले जब दारा सिंह मुख्यमंत्री से मिलने आए थे और गठोर के विधायक को पुलिस उठाने आई थी, तब मैंने संघ के लिए कॉम्प्रोमाइज करवाया था।’
इसके साथ ही उन्होंने कहा, कांग्रेसी तो गिनती के बचे हैं। अगर मैं संगठन में आ गया तो मंडल अध्यक्ष पूछेगा– कौन आया है ये?
बीजेपी प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी का तंज
बीजेपी प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने इस वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए राहुल गांधी को निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा- राहुल गांधी देखें, कांग्रेस के विधायक भी RSS में
चतुर्वेदी ने ट्वीट में लिखा- जिस संघ को राहुल गांधी निरर्थक रूप से कोसते हैं, उसी संघ से आपके ही विधायक जुड़े हैं। सुसनेर से कांग्रेस विधायक भैरो सिंह परिहार खुले मंच से कह रहे हैं कि वे संघ से जुड़े हैं। राहुल गांधी, नींद से जागिए और अपनी पार्टी में स्लीपर सेल और घोड़े मत ढूंढिए। हो सकता है, आपकी पार्टी में कुछ अच्छे लोग भी हों… हालांकि, ये भी हो सकता है कि वे अच्छे लोग आपके दिल में न हों।”