IND vs ENG 1st Test: भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर जारी पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन स्टंप्स से ठीक पहले एक हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला है. इंग्लैंड का एक बल्लेबाज कैच होकर भी नॉट आउट करार दिया गया. लीड्स टेस्ट के दूसरे दिन भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह स्टंप्स से ठीक पहले, दिन का आखिरी ओवर फेंकने के लिए आए. इस ओवर में एक ऐसी घटना घटी जिसे टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी जल्द से जल्द भूलना चाहेंगे.
भारत-इंग्लैंड टेस्ट में हाईवोल्टेज ड्रामा
लीड्स टेस्ट के दूसरे दिन स्टंप्स से ठीक पहले भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दिन का आखिरी ओवर फेंकने लगे. इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक इस दौरान स्ट्राइक पर मौजूद थे. जसप्रीत बुमराह के इस ओवर की चौथी गेंद पर हैरी ब्रूक ने हवा में एक शॉट खेल दिया, जिसके बाद मोहम्मद सिराज ने शॉर्ट मिड-विकेट एरिया से दौड़कर डाइव लगाते हुए एक बेहतरीन कैच लपक लिया. हालांकि कैच होने के बावजूद भी हैरी ब्रूक आउट नहीं हुए, ऐसा इसलिए क्योंकि अंपायर ने जसप्रीत बुमराह की इस गेंद को नो बॉल करार दिया.
(@raki18) June 21, 2025
कैच होकर भी आउट नहीं हुआ ये बल्लेबाज
टीम इंडिया के खिलाड़ी खुशी मनाने ही वाले थे कि तभी अंपायर ने जसप्रीत बुमराह की इस गेंद को नो बॉल करार दे दिया. हैरी ब्रूक को नो बॉल की वजह से जीवनदान मिल गया, नहीं तो उनका शून्य के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटना तय था. जसप्रीत बुमराह समेत टीम इंडिया के बाकी खिलाड़ियों को बहुत मायूसी हुई. लीड्स टेस्ट अब रोमांचक मोड़ पर आ गया है.
भारतीय टीम के गेंदबाजों ने बहुत निराश किया
भारत के 471 रनों के जवाब में इंग्लैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में अभी तक 209/3 का स्कोर बना लिया है. इंग्लैंड के खतरनाक बल्लेबाज ओली पोप (100 रन) और हैरी ब्रूक (0 रन) क्रीज पर मौजूद हैं. लीड्स टेस्ट के दूसरे दिन भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने बहुत निराश किया. एक वक्त पर भारत का स्कोर 430/3 था, लेकिन उसने इसके बाद अगले 41 रनों के अंदर ही अपने बचे हुए 7 विकेट गंवा दिए. टीम इंडिया अपनी पहली पारी में 471 रन पर ऑल आउट हो गई. इंग्लैंड की टीम जब अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी तो जसप्रीत बुमराह को छोड़कर भारत के सभी गेंदबाज बुरी तरह पस्त नजर आए हैं.