पानी की टंकी में गिरने से महिला की मौत: मोटर चालू करने गई थी, पैर फिसलने से हुआ हादसा, अस्पताल में दम तोड़ा – Indore News

पानी की टंकी में गिरने से महिला की मौत:  मोटर चालू करने गई थी, पैर फिसलने से हुआ हादसा, अस्पताल में दम तोड़ा – Indore News



इंदौर के संयोगितागंज थाना क्षेत्र के रतलाम कोठी इलाके में बुधवार सुबह एक महिला की पानी की टंकी में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा बारिश के कारण फिसलन की वजह से हुआ।

.

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे 43 वर्षीय प्रियंका, पिता महेन्द्र सिंह, घर के बगीचे में पानी की मोटर चालू करने गई थीं। इसी दौरान उनका पैर फिसला और वे पास ही बनी पानी की टंकी में गिर गईं।

कुछ देर तक जब प्रियंका नजर नहीं आईं और मोटर बंद नहीं हुई, तो परिजन उन्हें देखने बाहर निकले। वहां उन्होंने देखा कि प्रियंका टंकी में पड़ी हुई हैं। उन्हें तुरंत बाहर निकाला गया और एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि प्रियंका अपने पिता और भाइयों के साथ रहती थीं। हादसे की सूचना मिलते ही संयोगितागंज पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम किया। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में लिया है। परिवार के बयान और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पारिवारिक विवाद में महिला ने जहर पीकर की खुदकुशी

इंदौर के राऊ इलाके में रहने वाली एक महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते जहरीला पदार्थ पी लिया। महिला को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

राऊ पुलिस के मुताबिक, मृतका का नाम दुर्गा (30) पत्नी रामहेत सेन है, जो साईं बिहार कॉलोनी में रहती थीं। रविवार सुबह उनके पति रामहेत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे। मंगलवार रात इलाज के दौरान दुर्गा की मौत हो गई।

दुर्गा के देवर मुकेश ने बताया कि उन्हें भाई रामहेत का फोन आया था, तब वह अस्पताल पहुंचे। रामहेत राऊ इलाके में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते हैं। उनके दो बच्चे हैं।

पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला ने गलती से एसिड पी लिया था, ऐसा पति ने बयान में कहा है। हालांकि, महिला की हालत गंभीर होने के कारण बयान नहीं हो सके। पुलिस का मानना है कि मामला पारिवारिक विवाद का हो सकता है, जिसकी जांच जारी है। बुधवार को महिला का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।



Source link