यातायात सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर आशीष सिंह ने संबंधित विभागों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली।
इंदौर में मानसून सत्र के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर आशीष सिंह ने संबंधित विभागों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में यातायात, नगर निगम, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागो
.
बैठक में कलेक्टर आशीष सिंह ने राष्ट्रीय राजमार्ग और शहर में यातायात को हर हाल में सुचारू बनाने के लिए निर्देश दिएं। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिससे की वर्षाकाल में किसी भी परिस्थिति में यातायात बाधित नहीं हो, जाम नहीं लगे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वर्षा काल में यातायात सुचारू रखने के लिए विशेष निगरानी और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। खास तौर पर राष्ट्रीय राजमार्ग (एबी रोड बायपास) पर ट्रैफिक की निर्बाध आवाजाही बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई।
बताया गया कि बायपास पर निर्माणाधिन ओवर ब्रिज के कारण यातायात में समस्याएं आ रही हैं। निर्देशित किया गया कि निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के डायवर्ट और सर्विस रोड पर आवश्यकता के अनुसार सुधार कार्य अतिशीघ्र किए जाएं। बताया गया कि इन मार्गों पर एनएचआई द्वारा तुरंत ही रोड सुधार का काम किया जाएगा। पैवर ब्लॉक लगाकर सड़क सुधार का कार्य होगा।
भारी वाहनों को सुझाए गए तीन वैकल्पिक मार्ग
बैठक में बताया गया कि बायपास पर भारी वाहनों का लोड अत्यधिक होने से जाम की स्थिति बन रही है। इससे निपटने के लिए भारी वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे बायपास के वैकल्पिक मार्ग का उपयोग इंदौर से बाहर जाने के लिए करें। इसके लिए तीन वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं।
देवास, भोपाल, शिप्रा जाने के लिए इन मार्गों का करें उपयोग
असुविधा से बचने के लिए भारी वाहन चालक एबी रोड पर देवास जाने के लिए मानपुर, घाटा बिल्लोद, लेबड़, बदनावर, बड़नगर, उज्जैन से देवास मार्ग का उपयोग कर सकते हैं। इसी तरह भोपाल जाने के लिए पुराने नेमावर रोड पर देवगुराड़िया, डबल चौकी, चापड़ा रोड का उपयोग किया जा सकता है। इसी प्रकार शिप्रा जाने के लिए डकाच्या, जयपुरिया मार्ग का उपयोग करें।
कलेक्टर ने शहर की मुख्य और अंदरूनी सड़कों पर जल-जमाव की समस्या को रोकने के लिए त्वरित जल निकासी की व्यवस्था करने और ड्रेनेज सिस्टम को सक्रिय रखने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। इसके साथ ही सभी ट्रैफिक सिग्नलों को सुचारु रूप से चालू रखने के लिए सतत मॉनिटरिंग करने को कहा गया है।
जाम से निपटने क्यूआरटी दल तैयार
बैठक में बताया गया कि शहर में यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा क्यूआरटी दल बनाए गए हैं। यातायात जाम की स्थिति होने पर यह दल तुरंत मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू बनाएगा। कलेक्टर ने इस दल में नगर निगम और होमगार्ड के अमले को भी शामिल करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जोनल अधिकारी भी सतत समन्वय रखें।
कलेक्टर ने कहा कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर काम करें और आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े।