जीतू बोले- मुझ पर FIR मेरी सही भूमिका का सर्टिफिकेट: सिंधिया का पलटवार- रिश्वत देकर सरकार को बदनाम करने की घिनौनी हरकत की – Bhopal News

जीतू बोले- मुझ पर FIR मेरी सही भूमिका का सर्टिफिकेट:  सिंधिया का पलटवार- रिश्वत देकर सरकार को बदनाम करने की घिनौनी हरकत की – Bhopal News


जीतू पटवारी पर एफआईआर के बाद प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर अशोकनगर के मुंगावली थाने में एफआईआर दर्ज होने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। जीतू पटवारी ने इसे लेकर कहा- मुझे पर एफआईआर दर्ज होना सरकार की ओर से सर्टिफिकेट है कि मैं विपक्ष की सही भूमिका निभा रहा हूं।

.

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस में जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति ने रिश्वत देकर सुशासन लाने वाली सरकार को बदनाम करने की घिनौनी हरकत की है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि पटवारी ने अपने बयान से ‘चोर की दाढ़ी में तिनका’ कहावत को चरितार्थ कर दिया है।

इधर, पटवारी पर एफआईआर के बाद शनिवार को भोपाल में एनएसयूआई ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता कागज की तलवार लेकर सीएम हाउस की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोका। इस दौरान झूमाझटकी भी हुई। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।

जीतू पटवारी पर एफआईआर के खिलाफ शनिवार को भोपाल में एनएसयूआई ने प्रदर्शन किया।

पटवारी के खिलाफ मुंगावली थाने में हुई है एफआईआर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर शुक्रवार को अशोक नगर जिले के मुंगावली थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी। उन पर युवक को मल खिलाने की झूठी खबर फैलाने के आरोप में कार्रवाई की गई है।

बता दें कि मुंगावली थाना क्षेत्र के मूड़रा बरवाह गांव का युवक 25 जून, बुधवार को जीतू पटवारी से मिला था। उससे मिलने का वीडियो जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया था। युवक ने पटवारी से शिकायत की थी कि उसके भाई की मोटरसाइकिल सरपंच के पति, बेटे ने रख ली थी। जब वह बाइक लेने गया तो विकास यादव और उसके पिता राजन यादव ने उसके साथ मारपीट की और उसे गंदगी खिलाई।

इसके बाद 26 जून को युवक ने कलेक्टर को दिए शपथ पत्र में स्वीकार किया कि मानव गंदगी (मल) खिलाने की घटना झूठी थी। कांग्रेस नेता उन्हें ओरछा ले गए। वहां जीतू पटवारी ने उन्हें अमानवीय घटना का बयान देने को कहा। बदले में मोटरसाइकिल और आर्थिक मदद का वादा किया गया। जिसके बाद पटवारी पर केस दर्ज किया गया।

जीतू पटवारी ने शनिवार को दिल्ली में एआईसीसी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

जीतू पटवारी ने शनिवार को दिल्ली में एआईसीसी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

पटवारी बोले- विपक्ष का सही तरीके से दायित्व निभा रहा हूं जीतू पटवारी ने कहा है कि एफआईआर करके सरकार सर्टिफिकेट दे रही है कि मैं अच्छा काम कर रहा हूं। अगर एफआईआर करके जेल भेजकर न्याय देती है तो मैं जेल जाने को तैयार हूं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जिसके साथ घटना हुई उससे बात कर वीडियो अपलोड किया है और यह अभी भी अपलोड है, उसे हटाया नहीं है।

पटवारी ने कहा कि कलेक्टर से भी इस मामले में बात की थी और उन्होंने स्वीकार किया था। मैं लगातार इस मामले में आवाज उठाता रहूंगा। मैं विपक्ष का सही तरीके से दायित्व निभा रहा हूंं। मेरी सरकार से दुर्भावना नहीं है।

कांग्रेस में जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति ने घिनौनी हरकत की केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का मूल्य और सिद्धांत झूठ बोलना हो। देश के विरूद्ध सदैव टिप्पणी करना, उससे क्या अपेक्षा की जाएगी। सुशासन की सरकार को नीचे दिखाकर कार्य वो भी रिश्वत देकर… ऐसी घिनौनी हरकत की। सिंधिया ने कहा- मैं मानता हूं इससे घिनौनी हरकत नहीं हो सकती और उस पद व कुर्सी का अपमान ऐसी घटनाओं से होता है।

सिंधिया ने कहा- देश, प्रदेश, क्षेत्र के विकास की चिंता नहीं। कैसे देश, प्रदेश को बदनाम करें, देश के अंदर और देश के बाहर भी। यही कांग्रेस की पाठशाला बन चुकी। इसीलिए जनता ने कांग्रेस को जहां बैठाया है वहीं कांग्रेस बैठी रहेगी।

वीडी शर्मा ने कहा कि पटवारी ने झूठ फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है।

वीडी शर्मा ने कहा कि पटवारी ने झूठ फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है।

पटवारी ने समाज का वातावरण बिगाड़ने की कोशिश की प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि विपक्ष का दायित्व होता है कि वह सकारात्मक भूमिका निभाए, जनता की आवाज उठाए, लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी अपनी इस जिम्मेदारी को निभाने की बजाय झूठ फैलाकर समाज का वातावरण खराब करने का प्रयास कर रहे थे। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करके प्रदेश सरकार ने सतर्कता और जागरूकता का परिचय दिया है।

उन्होंने कहा कि अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने अपनी छवि बनाने के लिए कूटरचित, आपराधिक षड्यंत्र रचा, जिसमें दलित, पिछड़ी जनता का मोहरे की तरह प्रयोग किया। इससे कांग्रेस पार्टी और जीतू पटवारी की घटिया सोच का पता चलता है।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का मनोबल खंडित हो चुका है। वह प्रदेश में अप्रासंगिक हो चुकी है और अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी कांग्रेस के बड़े नेताओं के लिए शुरू से ही अस्वीकार्य रहे हैं।

एनएसयूआई ने किया सरकार के खिलाफ प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर एफआईआर दर्ज किए जाने के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भोपाल में पीसीसी दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया। एनएसयूआई कार्यकर्ता कागज की तलवार लेकर प्रदर्शन करते रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़े तो पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की झूमाझटकी भी हुई।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे व अन्य कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब-जब जीतू पटवारी शोषितों, दलितों, वंचितों के साथ खड़े होकर उनकी आवाज उठाते हैं, जब उनके साथ खड़े होते हैं, तब तब मोहन यादव सरकार उनके विरोध में कार्यवाही करते हैं। इसी कारण कायरता पूर्ण रवैया दिखाते हुए एफआईआर दर्ज कराई गई है।

ये खबर भी पढ़ें –

एमपी कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर FIR:युवक बोला-पटवारी के कहने पर गंदगी खिलाने के आरोप लगाए

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर अशोक नगर जिले के मुंगावली थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। खास बात यह है कि एफआईआर उसी युवक ने दर्ज कराई है, जो दो दिन पहले जीतू पटवारी से मिला था। युवक ने गांव के सरपंच पति और बेटे पर गंदगी खिलाने का आरोप लगाया था। पूरी खबर पढ़ें..



Source link