मारपीट की घटना टोल पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
मुरैना के रत्तीराम टोल प्लाजा पर टोल टैक्स न देने को लेकर एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर्मचारियों से मारपीट की। शनिवार रात की यह घटना टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
.
घटना मुरैना-अंबाह मार्ग स्थित रतिराम टोल प्लाजा की है। टोल कर्मचारियों ने बताया कि शनिवार रात करीब 8:40 बजे टोल प्लाजा पर जहां भानू तोमर नामक युवक अपनी कार से पहुंचा। इस दौरान टोल कर्मचारियों ने 30 रुपए टोल टैक्स देने की मांग की, इसपर वह नहीं माना।
बैरियर लगाकर रोकने पर पीटा
इसके बाद जब कर्मचारियों ने बैरियर लगाकर कार रोक दी, तो भड़के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर कर्मचारी जितेंद्र पिता रघुनंदन (47) से मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की सूचना पर वहां लोग एकत्र हो गए और युवक को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, आरोपी कर्मचारियों को धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में युवक कर्मचारी के साथ मारपीट करते दिख रहा है।
दिमनी थाना प्रभारी शशि कुमार ने बताया-
टोल प्लाजा पर मारपीट मामले में भानु तोमर और दो अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। मात्र 30 रुपए के टोल टैक्स को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने कर्मचारियों से मारपीट की थी।
