शासकीय कर्मचारी सेवानिवृत्त, कलेक्टर ने किया सम्मान
डिंडौरी में 30 जून सोमवार को 28 शासकीय अधिकारी और कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर नेहा मारव्या ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बैंड-बाजे के साथ उन्हें विदाई दी गई।
.
सेवानिवृत्त होने वालों में प्रमुख रूप से जिला खाद्य अधिकारी अंबोज श्रीवास्तव, जिला शिक्षा अधिकारी रति राम सिद्राम और समनापुर जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सीपी साकेत शामिल हैं। बिछिया हाई सेकेंडरी स्कूल के प्राचार्य संजय कुमार सिंह भी इसी दिन सेवानिवृत्त हुए।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से अंगद दास बघेल, बालमुकुंद धूमकेती और राजेश कुमार सोनी ने अपनी सेवाएं पूरी कीं। विभिन्न बीईओ कार्यालयों से कई कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। इनमें डिंडौरी से बाबू राम परस्ते, सुरेश कुमार ब्यौहार और पवन कर जैन शामिल हैं।
कलेक्टर के ड्राइवर रघुनाथ सिंह मार्को ने 17 वर्षों तक कलेक्टर की गाड़ी चलाने का जिम्मा संभाला। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि भविष्य में यदि विभाग को उनकी आवश्यकता पड़ी तो वे निशुल्क सेवा देने के लिए तैयार हैं।
जल संसाधन विभाग, वन विभाग और विभिन्न तहसील कार्यालयों से भी कई कर्मचारी इस दिन सेवानिवृत्त हुए। विदाई समारोह के दौरान कई अधिकारी भावुक हो गए और उन्होंने भविष्य में भी निशुल्क सेवा देने की इच्छा जताई।