बैतूल के बोरदेही थाना पुलिस ने एक साल से फरार चल रहे हत्या के दो ईनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर 5-5 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें मुलताई उपजेल भेज दिया गया।
.
टीकाबर्री निवासी हरिओम यादव (37) की 9 जून 2024 को हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना बोरदेही में IPC की धारा 302, 323, 34 के तहत केस दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी गोकुल यदुवंशी (29) और सुरेश उर्फ राजू यदुवंशी (42), दोनों निवासी टीकाबर्री, फरार थे।
पुलिस अधीक्षक निश्चल एन. झारिया के निर्देश पर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी के लिए दोनों पर इनाम भी घोषित किया गया था। एएसपी कमला जोशी और एसडीओपी शिवकुमार सिंह के मार्गदर्शन में बोरदेही पुलिस को यह सफलता मिली। 30 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक राधेश्याम बट्टी सहित कुल 12 पुलिसकर्मी शामिल रहे।