MP Weather Update Today: मध्य प्रदेश में मानसून का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय होने के साथ ही रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है. सोमवार को राजधानी भोपाल सहित इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन समेत 25 से ज्यादा जिलों में बारिश हो रही है. छतरपुर में बुंदेलखंड के केदारनाथ कहे जाने वाले जटाशंकर धाम में मूसलाधार बारिश होने से पूरा मंदिर जलमग्न हो गया है. मंदिर में स्थापित भगवान भोलेनाथ पूरी तरह से जल के अंदर हैं. भगवान का यह अद्भुत नजारा देख सभी भक्त यही कह रहे थे कि प्रकृति ने आज भगवान शिव का जलाभिषेक खुद किया है. इस अद्भुत दृश्य को देखकर मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने बारिश के पानी का खूब लुत्फ उठाया.
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के पठारी में सबसे ज्यादा 176 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं, बडोडा (श्योपुर) में 123 मिमी, गौरिहार (छतरपुर) में 111 मिमी, ओरछा (निवाड़ी) में 89 मिमी, लालबुर्रा (बालाघाट) में 88 मिमी और लीढोरा (टीकमगढ़) में 82 मिमी बारिश हुई. मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर सिस्टम सक्रिय हुआ है. 1 जुलाई से बारिश का एक और स्ट्रांग सिस्टम सक्रिय हो रहा है. इसके चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में अति भारी या भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. इसमें ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, मंडला, पन्ना और दमोह में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है. वहीं, जबलपुर, नरसिंहपुर, सिवनी, सागर, भोपाल, सीहोर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शिवपुरी, सीधी, सिंगरौली, बालाघाट, राजगढ़, बैतूल, हरदा, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, शाजापुर, आगर, अशोकनगर, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, छतरपुर, मैहर, पांढुर्णा, विदिशा, रायसेन, मंदसौर, नीमच, गुना, नर्मदापुरम, बुरहानपुर, अलीराजपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
प्रदेश के अधिकतम तापमान वाले जिलों की बात करें तो खजुराहो (छतरपुर) श्योपुर में 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा ग्वालियर में 32.9 डिग्री, नौगांव (छतरपुर) सीधी में 32.6 डिग्री, शिवपुरी/गुना में 32 डिग्री और दतिया में 31.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान की बात करें तो पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में पारा सबसे कम 16 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं खंडवा/खरगोन/नरसिंहपुर में 18 डिग्री, बैतूल में 20.2 डिग्री, अमरकंटक (अनूपपुर) में 20.7 डिग्री और में 21 डिग्री रिकॉर्ड हुआ.
कैसा रहा बड़े शहरों का पारा
प्रदेश के पांच बड़े शहरों के अधिकतम तापमान की बात करें तो ग्वालियर का अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा दर्ज किया गया. यहां पारा 32.9 डिग्री दर्ज हुआ. इसके अलावा इंदौर का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री, भोपाल का 29.6 डिग्री, उज्जैन का 29.5 डिग्री और जबलपुर का 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ.