इंदौर से भोपाल के बीच हेलिकॉप्टर सेवा भी शुरू करने की तैयारी, पीपीपी मॉडल पर निजी एजेंसियों से मांगेंगे प्रस्ताव
.
एबी रोड पर डकाच्या से अर्जुन बड़ौद तक बन रहे फ्लायओवर के कारण लगे जानलेवा जाम से सबक लेते हुए अब बायपास पर मांगलिया (राऊ खेड़ी) से राऊ तक 35 किमी फोरलेन सर्विस रोड बनाने की तैयारी है। इसके लिए एनएचएआई ने प्रारंभिक मंजूरी दे दी है। करीब 700 करोड़ की लागत से ये सर्विस रोड बनाई जाएगी। उधर, जाम के बाद शुरू हुए डकाच्या-अर्जुन बड़ौद सर्विस रोड का काम भी दो दिन में पूरा हो जाएगा।
नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के रीजनल ऑफिसर एसके सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए भास्कर को बताया कि डीपीआर बनाने के लिए प्रस्ताव नई दिल्ली स्थित मुख्यालय को भेज दिया गया है। इससे पहले कलेक्टर आशीष सिंह ने पहले 22.5 मीटर की फोरलेन सर्विस रोड के लिए एनएचएआई चेयरमैन को पत्र लिखा था, तब यह कहकर इनकार किया गया था कि एक जगह ऐसा किया तो पूरे देश में करना पड़ेगा। जाम के बाद कलेक्टर ने फिर चेयरमैन से चर्चा की। अधिकृत मंजूरी और डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने में 5 से 6 माह लगेंगे। प्रोजेक्ट पर 700 करोड़ खर्च होंगे।
सर्विस रोड की मरम्मत जारी
- 105 मीटर का है बायपास कमांड एरिया अब
- 22.5 मीटर सर्विस रोड से सभी को होगी राहत
- 42 स्कूल 50 टाउनशिप, 22 होटल को राहत
- 30 सड़कों से लोड कम होगा बायपास से जुड़ी
100 मीटर लंबे और 8 मीटर चौड़े हिस्से में पैवर का काम पूरा
डकाच्या से अर्जुन बड़ौद तक जिस हिस्से में ट्रैफिक जाम से हजारों नागरिक और वाहन चालक परेशानी हुए, उसका काम अब पूरा होने को है। 40 करोड़ की लागत से बन रहे इस फ्लायओवर में 1100 मीटर का डायवर्शन है। इसमें जो खराब 100 मीटर का हिस्सा था, वहां 8 मीटर चौड़े और 100 मीटर लंबे हिस्से में पैवर लगाने का काम हो गया है।
दो दिन में बचे हिस्से में डामर होगा। अभी यहां एनएचएआई सहित अन्य एजेंसी के 100 से ज्यादा कर्मचारी ट्रैफिक संभालने और खराब हिस्सा सही करने में लगे हैं। एनएचएआई ने अन्य प्रोजेक्ट का अमला भी यहां लगा दिया है।
मार्च 2026 में ही पूरा हो पाएगा काम फ्लायओवर अर्जुन बड़ौद के इस सिक्स लेन फ्लायओवर के लिए जनवरी 2023 में काम शुरू हुआ था, जो जुलाई 2024 में खत्म होना था। हालांकि अब यह काम मार्च 2026 तक ही पूरा हो पाएगा। ट्रैफिक जाम के बाद जरूर यहां आने वाले ट्रैफिक को तीन जगह से डाइवर्ट किया गया, तब कहीं जाकर स्थिति संभल पाई।
इंदौर-भोपाल के बीच हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने की तैयारी
इंदौर से भोपाल के बीच तीन से चार घंटे का सफर और दोनों शहरों में अंदर तक जाने और लौटने की परेशानी को देखते हुए इंदौर-भोपाल के बीच हेलिकॉप्टर सेवा शुरू करने का प्लान है। कलेक्टर आशीष सिंह ने स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह को पूरी प्लानिंग करने के लिए कहा है।
प्रारंभिक प्रस्ताव के मुताबिक पीपीपी बेस पर इस प्रोजेक्ट के टेंडर निकाले जाएंगे। प्रस्ताव के तहत हेलिकॉप्टर सर्विस को एयरपोर्ट से न जोड़ते हुए निजी हेलीपेड से जोड़ा जाएगा, जैसे अभी एबी रोड पर गर्वमेंट आर्टस एंड कॉमर्स कॉलेज पर बना है। यह प्रोजेक्ट अमल में आता है तो कोई भी व्यक्ति एक से दो घंटे में इंदौर-भोपाल आ-जा सकेगा।