जबलपुर में NSUI ने किया विश्वविद्यालय का घेराव: BALLB परीक्षा में दो अलग प्रश्न पत्र देने पर हंगामा, रजिस्ट्रार ने मानी गलती – Jabalpur News

जबलपुर में NSUI ने किया विश्वविद्यालय का घेराव:  BALLB परीक्षा में दो अलग प्रश्न पत्र देने पर हंगामा, रजिस्ट्रार ने मानी गलती – Jabalpur News



रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सोमवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने परीक्षा में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि BALLB चौथे सेमेस्टर की परीक्षा में दो अलग-अलग प्रश्न पत्र दिए गए, जिनमें कुछ ‘आउट ऑफ सिलेबस’ थे

.

सोमवार को रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में NSUI कार्यकर्ताओं और छात्रों ने मिलकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने आरोप लगाया कि BALLB चौथे सेमेस्टर के इकोनॉमिक्स पेपर में परीक्षा के दौरान दो अलग-अलग प्रश्न पत्र बांटे गए, जिनमें से कुछ प्रश्न पत्र पाठ्यक्रम से बाहर के थे। इससे कई छात्रों की परीक्षा प्रभावित हुई।

छात्रों का कहना है कि यह केवल एक बार की गलती नहीं है। विश्वविद्यालय में इससे पहले भी बिना परीक्षा के रिजल्ट घोषित होना, सप्लीमेंट्री परीक्षा में उपस्थित छात्रों को अनुपस्थित दिखाना जैसी गंभीर गड़बड़ी हो चुकी हैं। बार-बार हो रही इन लापरवाहियों के चलते छात्रों का मानसिक तनाव बढ़ रहा है और उनका पढ़ाई से भरोसा टूट रहा है।

प्रदर्शन में शामिल NSUI प्रभारी अचलनाथ ने कहा कि एग्जाम कंट्रोलर और कर्मचारियों की मिलीभगत के चलते विश्वविद्यालय की साख खराब हो रही है। उन्होंने मांग की कि इकोनॉमिक्स की परीक्षा को रद्द कर दोबारा आयोजित किया जाए या सभी छात्रों को जनरल प्रमोशन दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने दोषी अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने और इन गड़बडिय़ों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

NSUI कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाता तो छात्र और उग्र आंदोलन करेंगे।

इस पूरे मामले पर विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. आर.के. बघेल ने कहा कि ऐसी गलतियां पहले भी हो चुकी हैं और अब इन शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाएगी। डॉ. बघेल ने बताया कि परीक्षा से जुड़ी सभी आपत्तियों की जांच के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा, जो पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link