डिंडोरी और शहपुरा में कोटवार संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
डिंडोरी और शहपुरा में सोमवार को कोटवार संघ ने 9 सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। शहपुरा में एसडीएम और तहसीलदार अनुपस्थित रहे, तो नायब नाजिर प्रमोद रैकवार को ज्ञापन सौंपा गया।
.
कोटवार संघ के अध्यक्ष तुलसीराम मार्को ने बताया कि कोटवार वर्षों से ग्राम पंचायतों में शासकीय सेवकों की तरह काम कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें स्थायी नियुक्ति नहीं दी गई है। संघ की प्रमुख मांग है कि सरकार कोटवारों को परमानेंट करे और पात्रता परीक्षण के बाद मालगुजारी भूमि का स्वामित्व सौंपे।
ज्ञापन में मांग की गई कि कोटवारों की वर्दी के लिए राशि सीधे उनके खातों में भेजी जाए, न कि खरीदारी करवाकर। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में एक से अधिक कोटवार होने पर पद समाप्त करने संबंधी आदेश को असंवैधानिक बताते हुए उसे निरस्त करने की भी मांग की गई है।
इसके अलावा कोटवार नियुक्ति में ग्राम पंचायत ठहराव आदेश को भी समाप्त करने की मांग की गई। सेवा काल में मृत्यु पर 10 लाख रुपए मुआवजा और परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति देने की अपील की गई।
कोटवार संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई कोटवार अपराध के मामले में दोषी नहीं पाया जाता, तो उसे सेवा से हटाया न जाए। साथ ही जिन जिलों और तहसीलों में वेतनवृद्धि लागू नहीं हुई, वहां के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।