नरसिंहपुर में अब तक 13 इंच बारिश: नर्मदा और सहायक नदियों में उफान, तीन मार्ग बंद; कई स्कूलों में भरा पानी – Narsinghpur News

नरसिंहपुर में अब तक 13 इंच बारिश:  नर्मदा और सहायक नदियों में उफान, तीन मार्ग बंद; कई स्कूलों में भरा पानी – Narsinghpur News


नरसिंहपुर जिले में बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। रविवार रात से सोमवार शाम तक जिले में रिमझिम बारिश होती रही। नर्मदा और उसकी सहायक नदियों में उफान के कारण दो पुल और एक रपटा जलमग्न हो गए।

.

सुपला-सांकल मार्ग पर शेढ़ नदी के पुल पर पानी चढ़ने से एक दर्जन गांवों के लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। बरहटा-मुंगवानी मार्ग पर शेढ़ नदी का पुल चौथे दिन भी डूबा हुआ है। मुंगवानी के गोरखपुर गांव का रपटा जलमग्न होने से वहां का आवागमन रुका हुआ है। गांव से बाहर जाने के लिए केवल सिंहपुर-लालपुल मार्ग खुला है।

गोटेगांव की इंदिरा कन्या हायर सेकंडरी स्कूल का परिसर पानी में डूब गया है। जमा पानी में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ है। खेतों में पानी भर जाने से बोवनी की गति धीमी पड़ गई है।

बरमान घाट पर नर्मदा का जलस्तर बढ़ रहा है। बरगी बांध के गेट खुलने के बाद SDERF की टीम ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। होमगार्ड जिला कमांडेंट टीआर चौहान के नेतृत्व में टीम ने रेत घाट और सीढ़ी घाट पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। मेला स्थल के पास स्थित पुल से जलस्तर पांच-छह फीट नीचे आने से आवाजाही आंशिक रूप से शुरू हो गई है।

मंदिर पर गिरी बिजली

गोटेगांव तहसील के सालीवाड़ा गांव में स्थित श्रीदेव मुरलीधर मंदिर पर सोमवार सुबह बिजली गिर गई, जिससे मंदिर का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय मंदिर में कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

बिजली गिरने से मंदिर का गुंबद टूट गया।

पिछले साल से ढाई गुना अधिक बारिश

जिले में अब तक 346.2 मिमी (करीब साढ़े 13 इंच) औसतन वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो कि पिछले वर्ष की तुलना में ढाई गुना अधिक है। वर्ष 2024 में इसी अवधि में सिर्फ 146.8 मिमी बारिश हुई थी। इस बार सर्वाधिक वर्षा करेली तहसील में 366 मिमी, जबकि गोटेगांव में 326 मिमी दर्ज की गई।

सोमवार को तापमान में वृद्धि

बारिश और बादलों की मौजूदगी के बावजूद सोमवार को अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.6 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6.4 डिग्री नीचे रहा।

लगातार बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ गया।

लगातार बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ गया।

अधिकारियों ने नदी के आसपास के इलाके का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने नदी के आसपास के इलाके का निरीक्षण किया।



Source link