Last Updated:
MP News : मध्य्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ में दो युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार किराए पर लेते थे. विश्वास जमाने के लिए किराया तय समय पर एक दो महीने देते थे. बस इतना सा काम करके दोनों लाखों रुपये कमा रहे थे. लग्जरी लाइफस्टाइल जी रहे थे. नरसिंहगढ़ थाना पुलिस जब पीछा करते-करते दोनों के घर पहुंची तो वहां पर खड़े वाहनों को देख दंग रह गई. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. आइये जानते हैं पूरा मामला…
लग्जरी लाइफस्टाइल और बड़ी-बड़ी बातों से लोगों को भ्रमित कर प्रदेशभर में किराए पर वाहन लगवाने का झांसा देने वाले एक शातिर गिरोह का नरसिंहगढ़ पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने गिरोह के सरगना शैलेन्द्र सिंह राजपूत और उसके साथी आदिल ताई को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से कुल 28 वाहन जब्त किए हैं. इन वाहनों में 19 कारें और 9 ट्रैक्टर शामिल हैं. बाजार में इनकी अनुमानित कीमत करीब ₹2.5 करोड़ रुपये है. घटना की शुरुआत दिनांक 4 जून 2025 को उस समय हुई जब नरसिंहगढ़ निवासी कपिल जायसवाल और चेतन गुर्जर ने थाना नरसिंहगढ़ में शिकायत दर्ज कराई. उसने अपनी शिकायत में बताया कि शैलेन्द्र सिंह राजपूत, निवासी ग्राम सिंदोड़ा, थाना नजीराबाद, भोपाल, ने ‘कंपनी में किराए पर लगाने’ के नाम पर उनकी गाड़ियां मारुति बलेनो और अन्य कार ली. कार लेने के बाद ना वाहन लौटाए और ना किराया दिया. इसी तरह विनोद कुशवाहा और आशीष मेहरा सहित अन्य फरियादियों की शिकायतों पर भी संबंधित धाराओं में मामले दर्ज किए गए. पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज़ कर गहन जांच शुरू की.

<br />पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि शैलेन्द्र सिंह एक संगठित सिंडिकेट चला रहा था. उस ने भोपाल, राजगढ़ सहित अन्य जिलों में भोले-भाले वाहन मालिकों को ‘महीने के मोटे किराए’ का लालच देकर झांसे में लिया. वह अपनी लग्जरी लाइफ स्टाइल महंगे कपड़े, गाड़ी, मोबाइल, और हाई-प्रोफाइल बातचीत के जरिये विश्वास जीतता था. फिर गाड़ियां किराए पर लगाने के नाम पर लेकर गिरवी रखकर आर्थिक लाभ उठाता था. पीड़ित जब संपर्क करते तो फरार हो जाता था.

थाना प्रभारी नरसिंहगढ़ और उनकी टीम ने तकनीकी विश्लेषण और निरंतर ट्रैकिंग से आरोपी को भोपाल-राजगढ़ मार्ग से धर दबोचा. उसके साथ आदिल ताई को भी गिरफ्तार किया गया, जो पूरे नेटवर्क का सहयोगी था. पूछताछ में पता चला कि गिरोह के पास विभिन्न जिलों से ठगी किए गए कुल 28 वाहन हैं जिनमें 19 कारें, 09 ट्रैक्टरशामिल हैं. इन सभी को जब्त कर लिया गया है.

<br />राजगढ़ एसपी अमित तोलानी ने मामले को बेहद संगीन बताया और कहा कि ‘इस प्रकार की धोखाधड़ी करने वाले सिंडिकेट समाज में लोगों का भरोसा तोड़ते हैं. नरसिंहगढ़ पुलिस की सतर्कता और टीमवर्क से यह सफलता मिली है. आरोपियों से अभी और पूछताछ जारी है, तथा अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है.’