रमाकांत दुबे/भोपाल: राजधानी भोपाल के कोलार इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक घर में लगे बिजली के स्मार्ट मीटर में तेज धमाका हो गया. चश्मदीदों के मुताबिक धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि कुछ सेकंड के लिए लोग इसे बम विस्फोट समझ बैठे.
धमाके के बाद स्मार्ट मीटर में आग लग गई, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया. राहत की बात ये रही कि हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है, लेकिन इस घटना ने स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
क्या बोले स्थानीय लोग?
मकान मालिक ने बताया कि घटना उस समय हुई जब घर के लोग अंदर ही थे. अचानक तेज आवाज आई और जब बाहर निकले तो मीटर में आग लगी हुई थी. उन्होंने बताया कि हमने सोचा कोई बम फटा है, पूरे मोहल्ले में लोग बाहर निकल आए थे. .
बिजली विभाग की प्रतिक्रिया और जांच
घटना के बाद बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्मार्ट मीटर की जांच शुरू कर दी गई है. बताया गया है कि कोलार क्षेत्र में सैकड़ों घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, और अब स्थानीय लोग उनकी सेफ्टी पर सवाल उठा रहे हैं.
लोगों की मांग, तुरंत तकनीकी जांच हो
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से मांग की है कि सभी स्मार्ट मीटरों की तकनीकी गुणवत्ता की जांच की जाए ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो.