करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने नगर में आज रैली निकाली।
आगर मालवा में करणी सेना ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हरदा जिले के राजपूत छात्रावास में छात्राओं और करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवनसिंह शेरपुर पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में किया गया।
.
करणी सैनिकों और राजपूत समाज के नेतृत्व में सर्व समाज के लोगों ने कंपनी गार्डन से रैली निकाली। प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हरदा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
तीन मांगों को लेकर किया गया प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में तीन प्रमुख मांगें की गईं।
पहली, हरदा के कलेक्टर और एसपी को तत्काल हटाया जाए। दूसरी, दोषी पुलिसकर्मियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया जाए। तीसरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवनसिंह शेरपुर को सुरक्षा प्रदान की जाए।
कार्यकर्ताओं ने अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
करणी सेना परिवार इसलिए कर रही प्रदर्शन
करणी सेना परिवार के पदाधिकारी आशीष राजपूत से हीरा खरीदने के नाम पर 18 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई थी। आशीष ने विकास लोधी, मोहित वर्मा और उमेश तपानिया पर केस दर्ज कराया था। पुलिस ने मोहित को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस मोहित को लेकर कोर्ट में चालान पेश करने जा रही थी।

हरदा में पुलिस ने करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया था।
इसी दौरान करीब 40 कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर नारेबाजी करने लगे। हंगामा बढ़ा तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुनील राजपूत, आशीष राजपूत समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इसी गिरफ्तारी के खिलाफ कार्यकर्ता रविवार को प्रदर्शन करने जुटे।