जबलपुर में ऑटो चालक से की थी मारपीट और लूट: VIDEO के बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों को दबोचा, आरोपी मांगते दिखे माफी – Jabalpur News

जबलपुर में ऑटो चालक से की थी मारपीट और लूट:  VIDEO के बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों को दबोचा, आरोपी मांगते दिखे माफी – Jabalpur News



जबलपुर में सोशल मीडिया पर चार दिन पहले एक वीडियो सामने आया था, जिसमें तीन युवक सरेराह एक ऑटो चालक की बेरहमी से पिटाई करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में राहगीर ऑटो चालक को बचाने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन आरोपियों ने उन्हें धमकाकर पीछे हटा दिया।

.

मामले में गोरा बाजार थाना पुलिस ने जांच शुरू की और सोमवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

यह वीडियो बिलहरी क्षेत्र का है, जहां तीन बाइक सवार युवकों ने ऑटो चालक अभय यादव की बीच सड़क पर लात-घूंसों से पिटाई की। पुलिस जांच में सामने आया कि अभय ने इन युवकों को एक लड़की से छेड़छाड़ करते देखा और टोक दिया था। इसी बात से नाराज होकर युवकों ने उसका पीछा किया और बिलहरी बाजार के पास उसे रोककर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने अभय के पास से 5300 रुपए नकद और मोबाइल भी लूट लिया।

पुलिस ने वीडियो से की पहचान

वीडियो वायरल होते ही गोरा बाजार पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम ने बताया कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पूछताछ में पीड़ित अभय यादव ने डर के कारण पहले शिकायत न करने की बात कही। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सोमवार को ग्वारी घाट क्षेत्र से तीनों आरोपियों- मीत झारिया (19), शेख ताहिर (19) और साहिल कोल (20) को गिरफ्तार किया। तीनों के पास से लूटी गई राशि में से 4800 रुपए नकद, मोबाइल और बाइक बरामद की गई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट और लूट का मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।



Source link