रात 3 बजे हुआ हादसा, डाउन ट्रैक चालू, अप ट्रैक अब भी बंद।
नई दिल्ली–चेन्नई रेल मार्ग पर शनिवार तड़के बैतूल के पास बड़ा हादसा हो गया। कोसमी इंडस्ट्रियल एरिया के पास रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजर रही बिजली विभाग की हाई टेंशन लाइन का सुरक्षा गार्ड (केबल गार्ड) टूटकर रेलवे के ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन पर गिर गय
.
इससे नई दिल्ली और चेन्नई की ओर जाने वाले दोनों ट्रैक बाधित हो गए। चार घंटे की मशक्कत के बाद डाउन ट्रैक (दिल्ली से चेन्नई दिशा) की मरम्मत कर यातायात बहाल कर दिया गया है, लेकिन अप ट्रैक (चेन्नई से दिल्ली) अब भी बंद है।
रेलवे अधिकारियों और रेस्क्यू टीम ने तुरंत शुरू किया सुधार कार्य घटना के तुरंत बाद रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञ, निरीक्षण दल और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पिछले चार घंटे से लगातार ट्रैक सुधार कार्य चल रहा है। अभी तक अप ट्रैक पर परिचालन बहाल नहीं हो सका है। इसके कारण दिल्ली की ओर जाने वाली कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोका गया है।
नई दिल्ली-चेन्नई रेलमार्ग बाधित; एक दर्जन ट्रेन प्रभावित।
दिल्ली और चेन्नई की ओर जाने वाली ट्रेनें लेट, कई रोकी गईं रेल हादसे से राजधानी एक्सप्रेस, दूरंतो एक्सप्रेस, जबलपुर एक्सप्रेस, पातालकोट एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस, एपी एक्सप्रेस और जयंती एक्सप्रेस देरी से चल रही हैं। पेंचवेली एक्सप्रेस को पांच घंटे से बैतूल स्टेशन पर रोका गया है। समता एक्सप्रेस मलकापुर, त्रिकुल एक्सप्रेस और जयंती एक्सप्रेस को मुलताई में खड़ा किया गया है।
इंसुलेटर फटने से गिरा केवल गार्ड बैतूल में पिछले 48 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। इसी दौरान हाई टेंशन लाइन का इंसुलेटर फट गया, जिससे केबल गार्ड टूटकर रेलवे ट्रैक पर गिर गया। सुधार कार्य में लगे बिजली विभाग के अधिकारी कृष्णकांत डिग्रसे ने बताया कि हादसे से कुछ इलाकों की बिजली आपूर्ति भी रोक दी गई है। रेलवे की OHE लाइन को नुकसान पहुंचा था, जिसे आंशिक रूप से दुरुस्त कर लिया गया है।
फिलहाल स्थिति रेलवे अधिकारियों के अनुसार, डाउन ट्रैक से ट्रेनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है, लेकिन अप ट्रैक को पूरी तरह चालू करने में अभी और समय लगेगा। यात्रियों को इंतजार और देरी का सामना करना पड़ रहा है।