कटनी के खिरहनी फाटक इलाके में रविवार शाम 16 वर्षीय लड़के पर दो युवकों ने हमला कर दिया। घटना लाल ग्राउंड की है।
.
पुलिस के मुताबिक, घायल आयुष दहिया अपने दोस्त हेमंत रैकवार के साथ मैच देख रहा था। हेमंत ने बताया, “हम लोग मैच देख रहे थे, तभी सुमित और विष्णु अपने कुछ साथियों के साथ आए। वे आयुष से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे।”
जब आयुष ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों आरोपी भड़क गए। उन्होंने गाली-गलौज करने के बाद आयुष पर चाकू से हमला कर दिया। आयुष के पैर की जांघ में चोटें आई हैं।
खिरहनी फाटक चौकी प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने बताया कि फरियादी की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें सुमित और विष्णु ठाकुर समेत दो अन्य नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस ने विष्णु ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त कर लिया गया है। तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।