कटनी जिले के बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। एक लाख से अधिक आबादी वाले इस क्षेत्र में डॉक्टरों की भारी कमी है। स्थिति इतनी खराब है कि अस्पताल के ICU वार्ड में आवारा कुत्ते आराम फरमा रहे हैं।
.
हाल ही में इसका एक वीडियो सामने आया है। इसमें दिखाया गया है कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ICU वार्ड में एक आवारा कुत्ता आराम कर रहा है। यह घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है। उस समय न तो कोई डॉक्टर ड्यूटी पर था और न ही कोई सफाई कर्मचारी मौजूद था।
छह की जगह एक डॉक्टर
पेट में दर्द की शिकायत लेकर इलाज के लिए आए शिवकुमार प्रजापति ने बताया कि उन्हें अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं मिला। उन्होंने मांग की है कि बड़वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की तत्काल नियुक्ति की जाए।
अस्पताल में डॉक्टरों के 6 पद स्वीकृत हैं। लेकिन वर्तमान में केवल एक डॉक्टर, देवेन्द्र सिंह, ही कार्यरत हैं। रोजाना औसतन 70 से अधिक मरीज ओपीडी में इलाज के लिए आते हैं। इन सभी को अकेले देवेन्द्र सिंह या फिर नर्सों को देखना पड़ता है।

45 किमी दूर से आ रहे प्रभारी
बड़वारा के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) का पद भी महीनों से खाली है। बरही के BMO, चिंतामणि पटेल, को 45 किलोमीटर दूर स्थित बड़वारा का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। अस्पताल का संचालन अब मुख्य रूप से नर्सों के भरोसे चल रहा है। वे कई बार गंभीर मामलों को संभालने में सक्षम नहीं होती हैं।
जो भी जिम्मेदार है उस पर कार्रवाई करेंगे
इस संबंध में सीएमएचओ कटनी राज सिंह ने बताया कि डॉक्टरों की कमी है। इसके लिए निरंतर पत्राचार किया जा रहा है। जल्द ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की व्यवस्था कराई जाएगी। अस्पताल की इस स्थिति के लिए जो भी जिम्मेदार है, उस पर कार्रवाई की जाएगी।