टीकमगढ़ में नगर परिषद कारी के वार्ड नंबर 9 और 10 में स्थित रिटेनिंग वॉल का करीब 20 फीट हिस्सा धराशायी हो गया। दीवार गिरने से यातायात बाधित हुआ। जेसीबी की मदद से मलबा हटाकर सड़क को खोला गया।
.
इसी दौरान शहर के प्रधानपुरा मोहल्ले में एक कच्चे मकान का हिस्सा बारिश के कारण गिर गया। मकान मालिक मन्नालाल रावत के अनुसार दोपहर में सीढ़ी का पत्थर उनकी पत्नी के पैर पर गिरा। मकान में दरारें आ गई हैं। घटना के समय मकान में मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
नगर परिषद कारी के लोगों का आरोप है कि नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य घटिया क्वालिटी के हैं। दीप सागर तालाब से नगर परिषद कार्यालय तक बनी सीसी सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। पिछले साल दीप सागर तालाब पर हॉट बाजार की दीवार भी गिर गई थी, जिसका बाद में पुनर्निर्माण किया गया।
मोहल्ले वालों ने वार्ड पार्षद और नगर परिषद कर्मचारियों को घटना की सूचना दी है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी देवेंद्र आर्य से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।