नरसिंहपुर जिले में सोमवार को पति-पत्नी के आपसी विवादों के दो अलग-अलग मामले पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। दोनों मामलों में आरोपों का स्वरूप भिन्न था, लेकिन दोनों शिकायतकर्ताओं ने न्याय और समझौते की मांग की।
.
पहले मामले में ग्राम खमरिया, थाना स्टेशनगंज की शांतिबाई ने अपने पति गोविंद धानक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शांतिबाई का कहना है कि उसका पति शराब का आदी है। वह आए दिन उसके साथ मारपीट करता था।
मई 2025 में भी उसने मारपीट की शिकायत थाना स्टेशनगंज में दर्ज कराई थी। इसके बाद से उसका पति उसे और बच्चों को छोड़कर अपने गांव चला गया है। अब तक उसने कोई खैर-खबर नहीं ली।
शांतिबाई ने एसपी से निवेदन किया कि उसके पति को समझाइश देकर दांपत्य जीवन और बच्चों का भरण-पोषण सुनिश्चित कराया जाए।
दूसरे मामले में ग्राम सिंगोटा निवासी सुजान सिंह जाटव ने अपनी पत्नी दुर्गा जाटव के खिलाफ शिकायत दी। सुजान सिंह ने आरोप लगाया कि शादी के बाद उनकी पत्नी दूसरी विदा में मायके चली गई। अब वह प्रेम कश्यप नामक युवक के साथ रह रही है।
आवेदक का कहना है कि वह कई बार पत्नी को लेने गया। लेकिन हर बार उसे गाली-गलौज और मारपीट का सामना करना पड़ा।
सुजान सिंह का आरोप है कि उसकी पत्नी सोशल मीडिया पर प्रेमी के साथ तस्वीरें अपलोड करती है। वह कोर्ट मैरिज भी कर चुकी है। साथ ही, वह अपने दोनों बच्चों को भी अपने पास रखना चाहती है। वह आवेदक को उनसे मिलने नहीं देती।
सुजान सिंह ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि इस मामले को परिवार परामर्श केंद्र में भेजा जाए। ताकि पत्नी को समझाइश दी जा सके और वह अपने वैवाहिक जीवन की जिम्मेदारी समझे। दोनों ही मामलों में पीड़ित पक्षों ने न्याय की उम्मीद में पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की अपील की है।