एक विकेटकीपर बल्लेबाज इंटरनेशनल क्रिकेट में फिर से तहलका मचाने को तैयार है. दरअसल, ICC ने इस क्रिकेटर पर भ्रष्टाचार निरोधक संहिता के तहत चार आरोपों और अलग से आईसीसी डोपिंग रोधी संहिता के एक आरोप को स्वीकार करने के बाद जनवरी 2022 में 3.5 साल के लिए सभी फॉर्मेट के क्रिकेट से बैन लगा दिया था. अब यह बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट से इंटनेशनल क्रिकेट में वापसी करने के लिए पूरी तैयार से तैयार है. आइए जानते हैं आखिर ये क्रिकेटर है कौन…
4 साल बाद मैदान में उतरेगा ये बल्लेबाज
दरअसल, प्रोफेशनल क्रिकेट खेलने के लगभग 4 साल बाद जिम्बाब्वे के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक ब्रेंडन टेलर साढ़े तीन साल के बैन को पूरा करने के बाद एक एक्टिव क्रिकेटर के रूप में वापसी कर रहे हैं. 39 साल का इस बल्लेबाज 7 अगस्त से शुरू हो रहे न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए जिम्बाब्वे की टीम में शामिल किया गया है. जिम्बाब्वे के कप्तान क्रेग एर्विन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, ‘वह दूसरे टेस्ट के लिए उपलब्ध रहेंगे. मुझे पता है कि उन्होंने पिछले आठ से 12 महीनों में अपनी व्यक्तिगत क्षमता में कितनी मेहनत की है.’
कप्तान ने जाहिर की खुशी
कप्तान ने आगे कहा, ‘मैं अगले कुछ दिनों में उनके [टेलर] वापस आने को लेकर उत्साहित हूं और टीम और टीम के लिए उनके योगदान को लेकर उत्सुक हूं. वह उस दौर से आ रहे हैं जहां बैन लगने से पहले अपने इंटरनेशनल करियर में बेहतरीन फॉर्म में थे.’ दाएं हाथ से बैटिंग करने वाले टेलर ने बैन के बाद वापसी कर दिखाया है कि उम्र सिर्फ एक नंबर है. इससे पहले टेलर ने घोषणा की थी कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने के लिए प्रयास कर रहे हैं, जो जिम्बाब्वे के लिए घरेलू टूर्नामेंट होगा क्योंकि वे दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के साथ इसकी सह-मेजबानी कर रहे हैं.
ऐसा रहा है करियर
टेलर के इंटरनेशनल करियर की बात करें तो 9938 रनों के साथ वह जिम्बाब्वे के लिए तीसरे सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं. सभी फॉर्मेट में उनके 17 शतक किसी भी जिम्बाब्वे के खिलाड़ी के लिए सबसे ज्यादा हैं. बैन से पहले वह टेस्ट क्रिकेट में शानदार फॉर्म में थे, जहां उनके आखिरी तीन मैच में स्कोर 92, 81 और 49 रहे थे.