मोहम्मद शमी की वापसी, वैभव सूर्यवंशी खिलाड़ियों में, ईशान किशन करेंगे कप्तानी

मोहम्मद शमी की वापसी, वैभव सूर्यवंशी खिलाड़ियों में, ईशान किशन करेंगे कप्तानी


नई दिल्ली. मोहम्मद शमी जल्दी ही सफेद जर्सी में दिखने वाले हैं. भारत और बंगाल के स्टार पेसर शमी को दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन की टीम में शामिल किया गया है. ईशान किशन को इस 15 सदस्यीय टीम का कप्तान बनाया गया है. इस टीम में अभिमन्यु ईश्वरन, आकाश दीप, रियान पराग और मुकेश कुमार भी शामिल हैं. अभिमन्यु ईश्वरन को उप-कप्तान बनाया गया है. वे अभी भारतीय टीम के साथ इंग्लैंड में हैं.

ईशान किशन ने नॉटिंघमशायर के लिए काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन में दो अर्धशतक बनाए हैं. उन्हें इस प्रदर्शन का इनाम मिला है. चौदह वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को ईस्ट जोन की टीम के छह स्टैंडबाय खिलाड़ियों में शामिल किया गया है. उन्होंने पिछले महीने इंग्लैंड के दौरे पर भारतीय अंडर-19 टीम के लिए सबसे तेज शतक बनाया था,

34 वर्षीय शमी मोहम्मद ने आखिरी मैच आईपीएल 2025 में खेला था. उन्होंने अपनी नई टीम सनराइजर्स हैदराबाद के लिए नौ मैचों में छह विकेट लिए थे. उनका आखिरी फर्स्ट क्लास मैच नवंबर 2024 में बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी में था. यह उनका आखिरी रेड-बॉल मैच था. शमी ने आखिरी टेस्ट मैच जून 2023 में खेला था.

पिछले सीजन की रणजी ट्रॉफी में बंगाल के प्रमुख रन-स्कोरर सुदीप चटर्जी को ईस्ट जोन की टीम में जगह नहीं मिली है. झारखंड के पिछले रणजी ट्रॉफी में शीर्ष दो रन-स्कोरर विराट सिंह और शरनदीप सिंह टीम का हिस्सा हैं. साथ ही बाएं हाथ के स्पिनर मनीषी को जगह दी गई है.

दलीप ट्रॉफी में कुल छह टीमें खेलेंगी. ईस्ट जोन घरेलू सीजन का पहला मैच नॉर्थ जोन के खिलाफ 28 अगस्त से बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेलेगा. दलीप ट्रॉफी आखिरी बार 2023-24 में रीजनल फॉर्मेट में खेली गई थी. तब साउथ जोन ने टूर्नामेंट जीता था.

ईस्ट जोन टीम: ईशान किशन (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन (उप-कप्तान), संदीप पटनायक, विराट सिंह, डेनिश दास, श्रीदम पॉल, शरनदीप सिंह, कुमार कुशाग्र, रियान पराग, उत्कर्ष सिंह, मनीषी, सूरज सिंधु जायसवाल, मुकेश कुमार, आकाश दीप, मोहम्मद शमी. स्टैंडबाय: मुख्तार हुसैन, आशीर्वाद स्वैन, वैभव सूर्यवंशी, स्वस्तिक समल, सुदीप कुमार घरामी, राहुल सिंह.



Source link